Home > Archived > पाठ्यक्रम से बाहर का पेपर देखकर बिफरे छात्र, परीक्षा देने से किया इंकार

पाठ्यक्रम से बाहर का पेपर देखकर बिफरे छात्र, परीक्षा देने से किया इंकार

शिकायत के बाद निरस्त हुआ गणित का पेपर

डबरा। माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा सोमवार को पूरक परीक्षा का आयोजन किया गया। नगर के शासकीय उत्कृष्ट उ.मा. विद्यालय में बनाए गए परीक्षा केन्द्र पर पूरक परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा के दौरान गणित विषय में पूरक की परीक्षा दे रहे विद्यार्थियों को गणित विषय का पेपर दिया गया। जिसे देखकर परीक्षार्थी हैरान रह गए क्योंकि पेपर में कक्षा 12 के पाठ्यक्रम से संबंधित प्रश्न नहीं थे। पहले तो विद्यार्थी अचंभित हुए तथा उनकी समझ में कुछ नहीं आया। पेपर में कक्षा 11 का पाठ्यक्रम के अनुसार प्रश्न थे। जिसकी शिकायत परीक्षार्थियों ने केन्द्राध्यक्ष से की। केन्द्राध्यक्ष द्वारा पेपर की जाँच के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गणित विषय की पूरक परीक्षा निरस्त कर दी गई।
कक्षा 12 में पूरक प्राप्त विद्यार्थियों के लिए सोमवार को परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा के लिए उत्कृष्ट विद्यालय में परीक्षा केन्द्र बनाया गया। जिसमें विभिन्न विषयों के 505 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। 54 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इनमें 29 परीक्षार्थी गणित विषय का पेपर देने के लिए आए थे। जिन्हें निर्धारित समय पर गणित का पेपर प्रदान किया गया। लेकिन पेपर में कक्षा 12 के पाठ्यक्रम के प्रश्न नहीं थे। पाठ्यक्रम के बाहर का पेपर देखकर छात्र परेशान हो गए तथा उन्होंने परीक्षा का विरोध करते हुए पेपर देने से इंकार कर दिया। इसके बाद केन्द्राध्यक्ष एसएन नीखरा ने पेपर को देखा। त्रुटिपूर्ण पेपर होने पर उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को मामले की जानकारी दी। तब वरिष्ठ अधिकारियों ने पेपर पर गौर किया। तब उन्होंने इसे पाठ्यक्रम से बाहर पाया।
पाठ्यक्रम से बाहर का पेपर होने पर वरिष्ठ अधिकारियों ने पेपर निरस्त कराने का निर्णय लिया। इसके बाद गणित विषय की परीक्षा निरस्त कर दी गई।
इनका कहना है
कक्षा 12वीं का गणित का पेपर पाठ्यक्रम से बाहर का था पेपर में 11वीं के पाठ्यक्रम के प्रश्न थे जिसका परीक्षार्थियों ने विरोध किया। परीक्षार्थियों के विरोध उपरांत वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में परीक्षा निरस्त कर दी गई।
रामगोपाल रोरिया
बीईओ, डबरा

Updated : 7 July 2015 12:00 AM GMT
Next Story
Top