Home > Archived > मंडलों में संपर्क महाअभियान का समापन 25 व 26 को

मंडलों में संपर्क महाअभियान का समापन 25 व 26 को

भोपाल | भारतीय जनता पार्टी का संपर्क महाअभियान के पश्चात प्रशिक्षण का चरण 1 और 2 अगस्त को इंदौर में दो दिवसीय कार्यशाला के साथ आरंभ होगा। प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमारसिंह चौहान की अध्यक्षता में आज पं. दीनदयाल परिसर प्रदेश कार्यालय में संपन्न बैठक में प्रशिक्षण कार्यशाला की तैयारियों की समीक्षा की गयी। प्रदेश संगठन महामंत्री अरविन्द मेनन, प्रदेश महामंत्री विनोद गोटिया, अरविन्द भदौरिया, प्रदेश संयोजक अरविन्द कवठेकर ने बैठक में भाग लिया। श्री भदौरिया ने बताया कि प्रदेश के सभी 757 संगठनात्मक मंडलों में संपर्क महाअभियान की बैठकें 25 और 26 जुलाई को आयोजित की जायेंगी और अभियान के सफल समापन के साथ सक्रिय कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित आगामी प्रशिक्षण की कार्ययोजना पर चर्चा की जायेगी। बैठक में आगामी 11 नगरीय निकायों के चुनाव की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गयी। संयोजक अरविन्द कवठेकर ने बताया कि इंदौर में आयोजित प्रदेश प्रशिक्षण कार्यशाला में प्रदेश पदाधिकारी, सभी जिलाध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, महामंत्री, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ की टीम और प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के सभी जिला संयोजक, संगठन मंत्री सहित 216 प्रशिक्षणार्थी भाग लेंगे। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश संगठन प्रभारी डॉ. विनय सहस्रबुद्धे, राष्ट्रीय महामंत्री मुरलीधर राव सहित विषय विशेषज्ञ प्रशिक्षण सत्रों में पहुँचकर मार्गदर्शन करेंगे।

श्री कवठेकर ने बताया कि मंडल स्तर के प्रशिक्षण वर्ग प्रदेश के सभी मंडलों में 15 अगस्त से आरंभ होंगे। मासांत तक सभी मंडलों में प्रशिक्षण दिया जायेगा। बाद में जिलान्तर्गत मंडल स्तरीय प्रशिक्षण के पश्चात जिला और बाद में प्रांत स्तरीय प्रषिक्षण वर्ग आयोजित किया जायेगा। इसी दरम्यान संभागीय स्तर पर भी वर्ग आयोजित किया जायेगा।

Updated : 21 July 2015 12:00 AM GMT
Next Story
Top