Home > Archived > भाजपा के लिए देशहित सर्वोपरि: मिश्रा

भाजपा के लिए देशहित सर्वोपरि: मिश्रा

बसई सरपंच श्रीमती नेहासिंह ने ली भाजपा की सदस्यता

दतिया। भाजपा विचारवान लोगों की पार्टी है, यहां परिवारवाद नहीं चलता, वरन् देश हित को सर्वोपरि मानकर काम किया जाता है। यह बात बसई मण्डल की कार्यशाला में मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं शिवराज सिंह चौहान देश व प्रदेश में बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। कार्यकर्ता महासम्पर्क अभियान के माध्यम से घर-घर जाकर नए सदस्यों से सम्पर्क कर भाजपा की रीति नीति से अवगत कराएं। भाजपा का कार्यकर्ता परिश्रम की पराकाष्ठा करता है। इसलिए देव दुर्लभ माना जाता है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने 10 करोड़ भाजपा के सदस्य बनवाकर विश्व में नया इतिहास रचा है, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का काम करें।
उन्होंने क्षेत्रीय सांसद डॉ. भागीरथ प्रसाद से बसई को आदर्श ग्राम घोषित करने की मांग की जिसके लिए सांसद भागीरथ प्रसाद ने तत्काल स्वीकृत प्रदान की। इस अवसर पर बसई की सरपंच नेहा आदिवासी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुरेश गुप्ता एवं आभार प्रदर्शन मण्डल अध्यक्ष महेश राजपूत द्वारा व्यक्त किया गया।

Updated : 13 Jun 2015 12:00 AM GMT
Next Story
Top