Home > Archived > फिर कांपी धरती, नेपाल समेत उत्तर भारत में महसूस हुए भूकंप के झटके

फिर कांपी धरती, नेपाल समेत उत्तर भारत में महसूस हुए भूकंप के झटके

फिर कांपी धरती, नेपाल समेत उत्तर भारत में महसूस हुए भूकंप के झटके
X

नई दिल्ली | नेपाल और समूचे उत्तर भारत में रविवार दोपहर 12:43 बजे एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र नेपाल के कोडारी इलाके में था, जो नेपाल की राजधानी काठमांडू से करीब 80 किमी दूर है।
भूकंप की तीव्रता 6.7 आंकी गई। मौसम विभाग के मुताबिक यह कम्पन करीब 45 सेकेंड तक रहा। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे ने बताया कि रविवार को आया झटका 10 किमी की उथली गहराई पर दर्ज किया गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि भूकंप के इस ताजा झटके का केंद्र भी नेपाल में ही पाया गया है, जहां शनिवार को आए तेज भूकंप में करीब 2,000 लोगों की मौत हुई है।
दिल्ली में भूकंप के हल्के झटके महसूस हुए। भूकंप महसूस होते ही तमाम लोग अपने घरों और दफ्तरों से बाहर दौड़े चले आए। दिल्ली मेट्रो की सेवाएं भी कुछ देर के लिए रोक दी गई थीं।
दिल्ली के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा आदि राज्यों में भी झटके महसूस किए गए। भूकंप महसूस होने पर लखनऊ के लोगों में डर साफ देखा गया। पटना में भी लोग घरों से बाहर निकल आए।
उत्तर प्रदेश में शनिवार को भी लगभग सभी जिलों में भूकम्प के झटके महसूस किये गये थे। जलजले के कारण छत तथा दीवार गिरने की घटनाओं में अब तक कम से कम 13 लोगों की मौत हो चुकी तथा 40 से ज्यादा अन्य घायल हो गए हैं। 

Updated : 26 April 2015 12:00 AM GMT
Next Story
Top