Home > Archived > फिर अचानक बदला मौसम का मिजाज, कोहरे में डूबी राजधानी

फिर अचानक बदला मौसम का मिजाज, कोहरे में डूबी राजधानी

भोपाल। मध्यप्रदेश में एक बार फिर अचानक मौसम ने करवट बदली है। विगत दो दिनों से गर्मी का अहसास होने लगा था। ऐसा लग रहा था कि अब सर्दी के मौसम की विदाई तय है, लेकिन आज 7 बजे के बाद अचानक राजधानी भोपाल समेत राज्य के अधिकांश भाग कोहरे में डूब गए। एकाएक कोहरा छाने में तापमान में भारी गिरावट आई है और फिर से नागरिकों को ठंड का अहसास होने लगा है। अभी के मौसम के देखते हुए लगने लगा है कि ठंड एक बार फिर लौटकर आएगी और लोगों को ठिठुरने पर विवश करेगी। मौसम विभाग ने भी आगामी 48 घंटों के दौरान राज्य में भीषण ठंड पड़ने का संकेत दिया है। राजधानी में विगत दो दिनों से ठंड का असर बेहद कम हो गया था। बुधवार को अलसुबह तक मौसम बिलकुल साफ था, लेकिन सात बजे के बाद भोपाल में अचानक कोहरा छाने लगा और देखते ही देखते अगले एक घंटे में पूरी राजधानी कोहरे की आगोश में समा गई। प्रात: 10 बजे तक तो दृश्यता बहुत कम हो चुकी थी। यही स्थिति राज्य में कई हिस्सों में देखने को मिल रही है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते यह स्थिति बनी है। इसके अलावा राज्य के सीमावर्ती इलाकों में कहीं-कहीं बारिश होने से मध्यप्रदेश में कोहरा छाया है। वहीं, विगत दो दिनों से जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड एवं हिमाचल प्रदेश के हिमालयी क्षेत्रों एवं पहाड़ी इलाकों में हो रही भारी बर्फबारी के कारण भी मध्यप्रदेश में कोहरे की स्थिति बनी है। मौसम विभाग का कहना है कि बीते दो दिनों से मौसम साफ होने और तेज धूप निकलने के कारण ठंड का असर कम हो गया था, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के कारण यहां फिर से मौसम ने करवट बदली है और यहां आगामी दो दिनों में सर्दी अपने भीषण तेवर दिखाने शुरू कर सकती है। दो दिनों की गर्मी के बाद राजधानी भोपाल समेत मध्यप्रदेश के अधिकांश हिस्सों में उत्तर भारत की ओर से आने वाली बर्फीली हवाओं के कारण मौसम में जबर्दस्त बदलाव आया है। जहां दिन का तापमान गिरने से अचानक सर्दी बढ़ गई है, वहीं रात में भीषण ठंडने की संभावना बनी हुई है। अगले दो दिनों में ठंड के तेवर इतने तीखे हो जाएंगे कि लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा। बुधवार को सुबह से ही राजधानी कोहरे की चपेट में है और आसमान में बादल छा गए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी 48 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। राजधानी के तापमान में आज सुबह अचानक गिरावट आ गई है। कोहरे के साथ ही शीतलहर चलने के कारण लोगों को ठंड का अहसास होने लगा है। सर्द हवाएं चलने के कारण लोगों को भारी गर्म कपड़े पहनने को विवश होना पड़ रहा है। मौसम केंद्र के निदेशक डॉ. अनुपम कश्यपि का कहना है कि अभी दो-तीन दिन तक तापमान में यूं ही गिरावट होती रहेगी। उन्होंने बताया कि न्यूनतम तापमान गिरने से रातें सर्द रहेंगी तथा पूरा प्रदेश भीषण ठंड की चपेट में आ जाएगा। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तरी बर्फीली हवाओं के कारण प्रदेश के तापमान में अचानक गिरावट आई है। हवा में नमी के कारण बर्फीली हवाएं 10-15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी भोपाल समेत पूरे मध्यप्रदेश में मौसम की रंगत बदलने से अब हर तरफ घना कोहरा दिखाई देने की संभावना काफी बढ़ गई है। आसमान में एक बार फिर बादल मंडराने लगेंगे। करीब पूरे सप्ताह कड़ाके की सर्दी का प्रभाव रहेगा। दिन का तापमान 5-7 डिग्री तक गिरने के आसार हैं। मौसम के करवट बदलते ही शहर की फिजा में ठंडक घुल गई है।

Updated : 4 Feb 2015 12:00 AM GMT
Next Story
Top