Home > Archived > भारत की पारी 215 रनों पर सिमटी, अफ्रीका को दूसरा

भारत की पारी 215 रनों पर सिमटी, अफ्रीका को दूसरा

नागपुर। भारतीय क्रिकेट टीम ने विदर्भ क्रिकेट संघ (वीसीए) मैदान पर बुधवार को शुरू हुए तीसरे टेस्ट मैच में अपनी पहली पारी के स्कोर 215 रनों के जवाब में दिन का खेल खत्म होने तक दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी में 11 रनों पर 2 विकेट झटक कर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।
मेहमान टीम ने स्टीयान वान जिल (0) और नाइटवॉचमैन इमरान ताहिर (4) का विकेट गंवाया है। दिन का खेल खत्म होने तक डीन एल्गर सात और हाशिम अमला खाता खोले बगैर नाबाद लौटे।
जिल का विकेट रविचंद्रन अश्विन के खाते में गया जबकि ताहिर को रवींद्र जडेजा ने आउट किया। मेहमान टीम पहली पारी की तुलना में 204 रन पीछे है। अब भारतीय स्पिनर मेहमान टीम को सस्ते में समेटते हुए अपनी टीम को बड़ी बढ़त दिलाने की महिम शुरू करेंगे। भारत इस मैच में तीन स्पिनरों के साथ खेल रहा है।
इससे पहले, केल एबॉट के स्थान पर अंतिम एकादश में जगह पाने वाले साइमन हार्मर (78-4) और डेल स्टेन की गैरमौजूदगी में स्ट्राइकर गेंदबाज की भूमिका अदा कर रहे मोर्ने मोर्कल (35-3) ने उम्दा गेंदबाजी करते हुए भारत की पहली पारी 215 रनों पर समेट दी।
भारतीय टीम ने 78.2 ओवरों का सामना किया। भारत की ओर से मुरली विजय ने सबसे अधिक 40 रन बनाए जबकि रवींद्र जडेजा ने 34 तथा रिद्धिमान साहा ने 32 रन जोड़े।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से कागिसू राबाडा, डीन एल्गर और इमरान ताहिर ने एक-एक सफलता हासिल की। भारत बेशक 215 रनों पर आउट हुआ, लेकनि यह इस सीरीज का अब तक सबसे बड़ा स्कोर है।
भारत का पहला विकेट 50 के कुल योग पर गिरा। शिखर धवन 12 रन बनाकर डीन एल्गर क गेंद पर उन्हीं के हाथों लपके गए। इसके बाद विजय और चेतेश्वर पुजारा (21) ने दूसरे विकेट के लिए 19 रन जोड़े।
विजय को मोर्ने मोर्कल ने एक बेहतरीन गेंद पर पगबाधा आउट किया। विजय ने 84 गेंदों का सामना कर 40 रन बनाए। उनकी पारी में तीन चौके और एक छक्का शामिल है। पहले सत्र में भारत ने 78 रनों पर दो विकेट गंवाए थे।
दूसरे सत्र में भारत ने सबसे पहले पुजारा को खोया। पुजारा ने 43 गेंदों का सामना कर दो चौके लगाए। उन्हें 94 के कुल योग पर साइमन हार्मर ने अपनी ही गेंद पर लपका।
इसके बाद 115 के कुल योग पर अजिंक्य रहाणे (13) तथा 116 के कुल योग पर कप्तान विराट कोहली (22) आउट हुए। कोहली ने 55 गेदों पर दो चौके लगाए। रहाणे और कोहली को मोर्कल ने आउट किया।
रोहित शर्मा का विकेट 125 के कुल योग पर गिरा। रोहित हार्मर की गेंद पर अब्राहम डिविलियर्स के हाथों लपके गए। रोहित ने दो रन बनाए।
रोहित की विदाई के बाद रिद्धिमान साहा और जडेजा ने सातवें विकेट के लिए 48 रन जोड़े। जडेजा 173 के कुल योग पर आउट हुए। जडेजा ने 54 गेंदों का सामना कर छह चौके लगाए।
इसके बाद साहा ने अश्विन (15) के साथ 28 रनों की साझेदारी की। अश्विन और साहा ने नौ ओवर बल्लेबाजी की। साहा 201 के कुल योग पर आउट हुए जबकि अश्विन का विकेट 215 के कुल योग पर गिरा। साहा ने 106 गेंदों का सामना कर चार चौके लगाए।
इस मैच के लिए भारत ने दो बदलाव किए। वरुण एरॉन के स्थान पर रोहित शर्मा को मौका मिला जबकि अमित मिश्रा ने अंतिम एकादश में स्टुअर्ट बिन्नी की जगह ली। भारत इस मैच में तीन स्पिनरों के साथ उतरा है।
दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका ने एक परिवर्तन किया। केल एबाट की जगह साइमन हार्मर को खिलाया जा रहा है। डेल स्टेन फिट नहीं होने की वजह से इस मैच में भी नहीं खेल रहे हैं।
चार मैचों की सीरीज में भारत 1-0 से आगे चल रहा है। उसने मोहाल में खेला गया पहला टेस्ट 108 रनों से जीता था। बेंगलुरू में खेला गया दूसरा टेस्ट बारिश में धुल गया था।

Updated : 25 Nov 2015 12:00 AM GMT
Next Story
Top