Home > Archived > फसलों के लिए आसमान से बरसा अमृत

फसलों के लिए आसमान से बरसा अमृत

चार डिग्री तक गिरा अधिकतम पारा, कहीं हल्की बारिश, कही बूंदाबांदी

मुरैना। शुक्रवार को आसमान से अमृत के रूप में हुई मावठ की बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे है। मावठ की बारिश के बाद कड़ाके ठंड ने जोर पकड़ लिया है। रिमझिम फुहारों के साथ चली हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 16 और न्यूनतम 8 डिग्री दर्ज किया गया।
पिछले दो सप्ताह से अंचल में कोहरे की दस्तक के बाद से ही तापमान में भी गिरावट का दौर शुरू हो गया था। गुरुवार के बाद शुक्रवार को भी सुबह से ही अंचल में बादलों का डेरा दिया। बादलों ने फुहारें गिराना शुरू किया तो लोगों को सर्दी ने ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। दोपहर बाद मावठ की बारिश के साथ चली हवाओं ने अंचल का कंपाने वाली सर्दी की याद दिला दी। बादलों के छाए रहने की वजह से शुक्रवार को लोग भगवान भास्कर के दर्शन पाने को भी तरस गए।
मावठ से खिले किसानों के चेहरे
फसलों की सिंचाईं के लिए मावठ को आसमान से बरसने वाला अमृत कहा जाता है। शुक्रवार को जब मावठ की बारिश हुई तो अंचल में किसानों के चेहरे खिल उठे। मावठ की बारिश से गेंहू, चना, मटर सहित रबी सीजन की अन्य फसलों और सब्जियों की पैदावार में बढ़त होने की संभावनाएं है।
तीन दिन में 3.5 डिग्री चढ़ा पारा
स्थानीय मौसम विभाग द्वारा न्यूनतम तापमान में लगातार तीसरे दिन भी उछाल दर्ज की गई। 31 दिसंबर को 4.5 डिग्री पर टिका पारा शुक्रवार दो जनवरी को साढ़े तीन अंकों की उछाल के साथ 8 डिग्री दर्ज किया गय। जबकि अधिकतम तापमान में गुरुवार 20 डिग्री की अपेक्षा चार अंकों की गिरावट दर्ज हुई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री रहा।

जारी रहेगी सर्दी, तेज बारिश की आशंका
स्थानीय मौसम विभाग द्वारा शुक्रवार को मौसम का पूर्वानुमान जारी किया, जिसके मुताबिक शनिवार को बूंदाबांदी की संभावनाएं बताई गई है। मौसम साफ होने पर सर्दी अपना असर दिखाएगी।
पिछले पांच दिन के तापमान पर नजर
दिनांक अधिकतम न्यूनतम
2 जनवरी 16 8.0
1 जनवरी 20 7.0
31 दिसंबर 14 4.5
30 दिसंबर 16 5.0
29 दिसंबर 14 4.0

''शुक्रवार को अधिकतम 16 और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया, पूर्वानुमान के मुताबिक शनिवार को भी अंचल में बंूदाबांदी हो सकती है, मौसम साफ होने पर सर्दी बढ़ेगी।''
हरविंदर सिंह
तकनीकी अधिकारी, आंचलिक कृषि अनुसंधान केन्द्र

Updated : 3 Jan 2015 12:00 AM GMT
Next Story
Top