Home > Archived > पाक ने जम्मू व सांबा जिलों की 40 चौकियों व 24 गांवों पर की गोलीबारी

पाक ने जम्मू व सांबा जिलों की 40 चौकियों व 24 गांवों पर की गोलीबारी

पाक ने जम्मू व सांबा जिलों की 40 चौकियों व 24 गांवों पर की गोलीबारी
X

जम्मू । पाकिस्तानी जवानों ने सांबा जिले में भी संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए जम्मू और सांबा जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे 24 गांवों और 40 सीमावर्ती चौकियों पर भारी गोलीबारी की जिससे तीन लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार बीएसएफ जवानों ने पाकिस्तानी कदम का उचित जवाब दिया जिससे दोनों पक्षों के बीच भारी गोलीबारी हुयी जो सुबह सात बजे तक जारी रही।
सूत्रों के अनुसार पाक रेंजरों ने जम्मू जिले के अरनिया और आरएस पुरा सबसेक्टरों में रविवार रात साढ़े नौ बजे से नागरिक इलाकों और 35 से 40 बीओपी पर छोटे और स्वचालित हथियारों से गोलीबारी की और मोर्टार से गोले दागे। यह पहला मौका है जब पाकिस्तानी रेंजरों ने सांबा जिले में संघर्षविराम का उल्लंघन किया है। पाकिस्तान ने जम्मू के अरनिया, आरएस पुरा, कनाचक, अखनूर, सबसेक्टरों और सांबा जिले के रामगढ़ सेक्टर में बीओपी और सीमावर्ती बस्तियों को निशाना बनाया।
वहीं पाकिस्तान ने रविवार रात से आज सुबह तक 24 सीमावर्ती गांवों को निशाना बनाया। आरएस पुरा के अनुमंडल पुलिस अधिकारी ;एसडीपीओ देवेंद्र सिंह ने बताया कि पाकिस्तानी गोलीबारी में तीन नागरिक घायल हो गए। फ्लोरा गांव में दो और खोथर गांव में एक व्यक्ति घायल हो गया। आरएस पुरा के जोरा फार्म इलाके में मवेशी भी घायल हुए हैं।
पाकिस्तानी रेंजरों ने 52 एमएम और 82 एमएम के मोर्टार गोले दागे। इसके साथ ही उन्होंने स्वचालित हथियारों से भी कम से कम 40 बीओपी और 24 सीमावर्ती गांवों पर गोलियां चलायीं। इससे सीमावर्ती इलाकों में रह रहे लोगों में दहशत फैल गयी।
ज्ञात रहें कि अगस्त महीने में संघर्षविराम की 23 घटनाएं हो चुकी हैं जबकि पिछले एक पखवाड़े में 21 बार संघर्षविराम का उल्लंघन हुआ। 16 जुलाई के बाद से 33 बार संघर्षविराम का उल्लंघन हुआ। इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जीतेंद्र सिंह आज उन लोगों से मिल रहे हैं जो सीमावर्ती बस्तियों से हट गए हैं और उन्हें आरएस पुरा में सुरक्षित स्थानों पर रखा गया है।

Updated : 25 Aug 2014 12:00 AM GMT
Next Story
Top