Home > Archived > प्लांटेशन में मॉडल बना ग्वालियर

प्लांटेशन में मॉडल बना ग्वालियर

अब प्रदेश भर में पौध रोपण कराएंगे बुंदेला

ग्वालियर। पेड़-पौधों से वसुंधरा को सजाने, संवारने और हरा-भरा बनाने के मामले में अपना ग्वालियर न केवल मध्य प्रदेश में अपितु समूचे भारत वर्ष में मॉडल के रूप में उभरा है। इसके फलस्वरूप ग्वालियर का नाम जहां इण्डिया बुक में दर्ज किया गया है वहीं मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों के कई अधिकारी अपने यहां सफल प्लांटेशन लगाने के उद्देश्य से ग्वालियर के प्लांटेशनों को देखने और समझाने के लिए आ रहे हैं। ग्वालियर में सफल प्लांटेशन से प्रभावित मध्यप्रदेश सरकार ने जिला पंचायत ग्वालियर की मनरेगा शाखा के सहायक संचालक उद्यानिकी एम.एस. बुंदेला को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, भोपाल में उप संचालक, उद्यान, मनरेगा के पद पर पदस्थ किया है। अब प्रदेश के सभी जिलों में पौधारोपण (प्लांटेशन) का कार्य श्री बुंदेला के कुशल मार्गदर्शन में किया जाएगा।
यहां बता दें कि पिछले तीन सालों में प्लांटेशन के क्षेत्र में ग्वालियर में ऐतिहासिक कार्य हुआ है। जिला पंचायत द्वारा मनरेगा योजना मद से विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्थित सूखी एवं बंजर पहाडिय़ों पर युद्ध स्तर पर पौधारोपण किया गया है। इसके फलस्वरूप जिले में 35 स्थानों पर सफल प्लांटेशन तैयार किए जा चुके हैं, जिन्हें शैलपर्ण उद्यान नाम दिया गया है। पिछले तीन सालों में इन उद्यानों में लगाए गए पौधों में से लगभग 90 प्रतिशत पौधे न केवल जीवित हैं अपितु अधिकांश पौधे वृक्ष का रूप भी ले चुके हैं। वर्तमान में इन उद्यानों में लगभग सवा तीन लाख पौधे मौजूद हैं, जिनमें से कई वृक्षों में फल भी आने लगे हैं। इसके अलावा नंदन फलोद्यान योजना के अंतर्गत भी कृषकों को प्रोत्साहित कर जिले भर में 524 नंदन फलोद्यान भी तैयार किए गए हैं, जिनमें भी वर्तमान में लगभग डेढ़ लाख पौधे मौजूद हैं।

50 जिलों के अधिकारियों ने देखे प्लांटेशन
ग्वालियर में सफल प्लांटेशन से उत्साहित मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने समूचे मध्यप्रदेश की धरा को हरा भरा बनाने के लिए सभी जिलों में व्यापक स्तर पर पौधारोपण कर प्लांटेशन तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसी उद्देश्य से विगत 27 एवं 28 मई को प्रदेश के 50 जिलों से आए उद्यान विभाग के सहायक संचालक स्तर के अधिकारियों ने ग्वालियर के विभिन्न प्लांटेशनों का भ्रमण किया। इस दौरान उक्त अधिकारियों को जिला पंचायत के सहायक संचालक, उद्यान, मनरेगा एम.एस. बुंदेला एवं भोपाल से आए अधीक्षण यंत्री मनरेगा एम.के. जैन व सहायक यंत्री मनरेगा योगेन्द्र गिरि ने सफल प्लांटेशन के संबंध में प्रशिक्षण भी दिया गया।

इण्डिया बुक में दर्ज हुआ नाम
जिला प्रशासन की पहल पर 15 अगस्त 2013 को जिला पंचायत सहित अन्य विभागों ने एक ही दिन में जिले भर में करीब 1.33 लाख पौधों का रोपण कर नेशनल रिकार्ड बनाया था। इस पर ग्वालियर का नाम इण्डिया बुक में दर्ज किया गया है। खास बात यह है कि व्यवस्थित ढंग से लगाए गए इन पौधों में से लगभग 85 प्रतिशत पौधे जीवति हैं।
इस बार सात लाख पौधे लगाने का लक्ष्य
जिला पंचायत ने विभिन्न विभागों के सहयोग से इस बार वर्षा ऋतु में जिले में लगभग सात लाख पौधों का रोपण कराने का लक्ष्य तय किया है। बताया गया है कि जिला पंचायत अपने स्तर पर शैलपर्ण उद्यानों में 1.50 लाख, नंदन फलोद्यानों में 30 हजार एवं सड़कों के किनारे 20 हजार कुल दो लाख पौधे लगाएगी। इधर वन विभाग भी अपने स्तर पर जंगलों में करीब 3.50 लाख पौधों का रोपण कराएगा। इसके अलावा अन्य विभाग अपने-अपने स्तर पर करीब डेढ़ पौधों का रोपण कराएंगे।

Updated : 9 Jun 2014 12:00 AM GMT
Next Story
Top