Home > Archived > पाकिस्तान ने फिर किया संघर्ष विराम का उल्लंघन

पाकिस्तान ने फिर किया संघर्ष विराम का उल्लंघन

पाकिस्तान ने फिर किया संघर्ष विराम का उल्लंघन
X

जम्मू | पाकिस्तानी सेना ने आज जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया और स्वचालित एवं छोटे हथियारों से भारतीय चौकियों को निशाना बनाया। भारतीय सुरक्षा बलों ने भी इसका माकूल जवाब दिया।
एक वरिष्ठ सेना अधिकारी ने यहां बताया कि पाकिस्तानी सेना ने बीती रात 12 बजकर 35 मिनट पर पुंछ के भिम्भेर गली-गंभीर अग्रिम इलाकों में नियंत्रण रेखा से लगी भारतीय चौकियों पर भारी गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि सीमा की हिफाजत कर रहे भारतीय जवानों ने उतनी ही क्षमता वाले हथियारों से माकूल जवाब दिया, जिससे रूक-रूक कर दोनों तरह से गोलीबारी होती रही।
अधिकारी ने कहा, अग्रिम इलाकों में रात 1 बजकर 30 मिनट तक गोलीबारी होती रही। उन्होंने कहा कि गोलीबारी की वजह से नियंत्रण रेखा के इस ओर कोई हताहत या घायल नहीं हुआ।
इससे पहले पाकिस्तानी सैनिकों ने गत 17 और 18 जून को सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था। तब पाकिस्तानी रेंजर्स ने सुचेतगढ़-कुलियन अग्रिम इलाके में 6 एचआर बीओपी पर गोलीबारी की थी।
तेरह जून को भी पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ जिले के मेंढर-भिम्बेर गली-केरी अग्रिम इलाकों में नियंत्रण रेखा से लगी भारतीय चौकियों पर मोर्टार और स्वचालित हथियारों से भारी गोलीबारी की थी। अप्रैल-मई में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम उल्लंघन की 19 घटनाएं हुईं।
वर्ष 2013 में भारत-पाक सीमा से लगी अग्रिम चौकियों, असैन्य इलाकों और गश्ती दलों पर पाकिस्तानी सैनिकों की ओर से संघर्षविराम उल्लंघन और गोलीबारी में 12 जवान मारे गए थे और 41 अन्य घायल हुए थे। पिछले साल संघर्ष विराम उल्लंघन की कुल 149 घटनाएं हुई थीं।


Updated : 27 Jun 2014 12:00 AM GMT
Next Story
Top