Home > Archived > पांचवे चरण में 13 राज्यों की 122 सीटों पर मतदान गुरुवार को

पांचवे चरण में 13 राज्यों की 122 सीटों पर मतदान गुरुवार को

पांचवे चरण में 13 राज्यों की 122 सीटों पर मतदान गुरुवार को
X

नई दिल्ली | लोकसभा चुनाव के पांचवे चरण में 13 राज्यों की 122 सीटों के तहत प्रचार कल समाप्त होगा। इन सीटों के लिये 17 अप्रैल को मतदान होगा। इनमें कर्नाटक की सभी 28, राजस्थान की 20, महाराष्ट्र की 19, उत्तर प्रदेश और उड़ीसा की 11-11 मध्य प्रदेश की 10,बिहार की सात, झारखंड की छह, पश्चिम बंगाल की चार, छत्तीसगढ़ की तीन, जम्मू कश्मीर तथा मणिपुर की एक-एक सीट शामिल है। उड़ीसा में लोकसभा की 11 सीटों के साथ साथ विधानसभा की 77 सीटों के लिए भी मतदान होगा।
गुरुवार को पश्चिम बंगाल में आम चुनाव के लिए मतदान शुरू होंगे। राज्य के 19 जिलों में 42 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 6.24 करोड़ मतदाता राजनीतिक गलियारे में उठ रहे इन सवालों के उत्तर देंगे। गुरुवार को राज्य के तीन जिलों के चार क्षेत्रों में मतदान कराया जाएगा।
पर्यटन के लिए मशहूर दार्जिलिंग से लेकर दुनिया में सबसे बड़े मैनग्रोव डेल्टा सुंदरबन तक का क्षेत्र मतदान का गवाह होने जा रहा है। राज्य के कद्दावर नेताओं को चुनौती देने के लिए जानेमाने गायक, अभिनेता, चिकित्सक और अपनी जादूगरी के लिए दुनिया भर में नाम कमा चुके जादूगर और फुटबॉल खिलाड़ी मैदान में उतरे हुए हैं।
गुरुवार को दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूच बिहार और अलीपुरद्वार में होने वाले मतदान में पहाड़ी इलाकों, इससे सटे मैदान, चाय के बागान और जंगली इलाके शामिल होंगे।
दार्जिलिंग में लंबे समय से राजनीति की धुरी पृथक राज्य की मांग कर रही है। यहां तृणमूल और भाजपा के बीच कांटे की जंग के आसार हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को इस बार में गोरखा जनमुक्ति मोर्चा का समर्थन हासिल है। इसी पर्वतीय पार्टी के दम पर 2009 में भाजपा नेता जसवंत सिंह यहां से लोकसभा तक पहुंचे थे।
यहां मुख्य मुकाबला भाजपा के एसएस अहलूवालिया और मशहूर फुटबॉल खिलाड़ी, तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी बाईचुंग भूटिया के बीच है।पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा को केवल दार्जिलिंग में जीत मिली थी।
केंद्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का सपना संजोए ममता, गुरुवार को जिन चार क्षेत्रों में मतदान होने जा रहा है वहां ध्यान केंद्रित किए हुई है। ममता इस कोशिश में जुटी हैं कि उनकी पार्टी भाजपा और कांग्रेस के बाद केंद्र में तीसरी शक्ति के रूप में उभरे।
मणिपुर में लोकसभा की शेष एक सीट के लिए मतदान गुरुवार को कराए जाएंगे। इस सीट के लिए आठ उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। चुनाव प्रचार के दौरान कुशासन, बेरोजगारी और नशीले पदार्थो के खतरे सहित कड़े सुरक्षा कानून यहां मुख्य चुनावी मुद्दा रहे हैं। भीतरी मणिपुर निर्वाचन क्षेत्र में कुल 8,74,000 मतदाताओं में से 4,48,000 महिलाएं हैं।
राजनीतिक विश्लेषक राजकुमार तरुणजीत सिंह ने बताया, "यहां एएफएसपीए (सशस्त्र बल विशेष शक्तियां अधिनियम) जैसे कठोर कानून का हटाया जाना सबसे बड़ा मुद्दा है। क्षेत्र का विकास दूसरा बड़ा मुद्दा है।"
उन्होंने कहा, "मणिपुर में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से ज्यादा है और महिलाओं की चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका होगी।" बीते नौ अप्रैल को 9,11,000 मतदाताओं में से लगभग 78 फीसदी ने बाहरी मणिपुर सीट के लिए मतदान किया।
भीतरी मणिपुर सीट के बाबत राजनीतिक पंडितों का कहना है कि भले ही यहां आठ उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, लेकिन मुख्य लड़ाई कांग्रेस के मौजूदा सांसद थोकचोम मेइन्या सिंह, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के मोइरांगथेम नारा सिंह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आर. के. रंजन सिंह के बीच है।
आगामी 17 अप्रैल (गुरुवार) को भीतरी मणिपुर सीट के लिए होने वाले मतदान में सुरक्षा कारणों के मद्देनजर मतदान का समय सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक रखा गया है, जबकि दूसरे राज्यों में मतदान का समय सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित है।
मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 10 संसदीय क्षेत्रों में 17 अप्रैल को मतदान होगा। इस दिन एक करोड़ 67 लाख से ज्यादा मतदाता 142 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों की 107 और राज्य सशस्त्र बल की 48 कंपनियां तैनात की जाएंगी। राज्य में दूसरे चरण में 10 संसदीय क्षेत्रों -मुरैना, भिण्ड, ग्वालियर, गुना, सागर, टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, भोपाल और राजगढ़ में मतदान होगा। इस चरण में एक करोड़ 67 लाख मतदाताओं में से 89 लाख 95 हजार पुरुष और 77 लाख 16 हजार से अधिक महिला मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगी।
उत्तर प्रदेश में 17 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए 11 सीटों पर मंगलवार शाम को प्रचार का शोर थम जाएगा। विभिन्न दलों के दिग्गज मंगलवार को प्रचार के आखिरी दिन जनसभाएं कर उम्मीदवारों के लिए वोट मागेंगे। प्रदेश में मतदान के दूसरे चरण में बरेली, मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर, संभल, बदायूं, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, पीलीभीत, आंवला और नगीना में 17 अप्रैल को मतदान होना है।

Updated : 15 April 2014 12:00 AM GMT
Next Story
Top