Home > Archived > भाजपा ने खत्म की साबिर की सदस्यता

भाजपा ने खत्म की साबिर की सदस्यता

भाजपा ने खत्म की साबिर की सदस्यता
X

नई दिल्ली | भाजपा अध्‍यक्ष राजनाथ सिंह ने साबिर अली की सदस्‍यता रद्द कर दी है। उन्‍हें शुक्रवार को ही भाजपा में लाया गया था। भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने जानकारी दी कि अध्‍यक्ष ने साबिर अली की सदस्‍यता निरस्‍त करने का फैसला किया है।
इससे पहले पार्टी में शामिल होने पर भाजपा में अप्रसन्नता के बीच जदयू से निष्कासित नेता साबिर अली ने भाजपा नेतृत्व से तब तक अपनी सदस्यता स्थगित रखने को कहा, जब तक उनके खिलाफ आरोप खारिज नहीं हो जाए।
राज्यसभा सदस्य अली ने कहा कि अगर उनके खिलाफ आतंकवादी यासीन भटकल से जुड़े आरोप साबित हो जाते हैं तब वह राजनीति हमेशा से लिए छोड़ देंगे जो आरोप भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने लगाए हैं।
अली ने कहा कि मैंने धर्मेन्द्र प्रधान को पत्र लिखकर अपनी सदस्यता स्थगित करने को कहा है। मैंने उनसे एक समिति गठित करने का आग्रह किया है और इन अरोपों के आधार पर इसकी छानबीन करने को कहा है। अगर ये आरोप दूर दूर तक भी सही पाये जाते हैं तब मैं हमेशा के लिए राजनीति छोड़ दूंगा।
गौरतलब है कि जदयू से निष्कासित नेता साबिर अली को भाजपा में शामिल किए जाने पर सख्त आपत्ति जताते हुए पार्टी उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने अली को आतंकवादी भटकल का मित्र बताया और सवाल किया कि क्या कल दाउद को भी पार्टी में शामिल कर लिया जाएगा। उधर संघ ने भी इस मसले पर अपनी नाराजगी जताई है।
नकवी को उनके लगाये आरोपों को साबित करने की चुनौती देते हुए अली ने कहा कि उन्होंने सपने में भी भटकल को नहीं देखा है और केवल समाचारपत्रों के माध्यम से ही इसकी जानकारी है।

Updated : 29 March 2014 12:00 AM GMT
Next Story
Top