Home > Archived > पारा पांच पर लुढ़का, चली शीत लहर

पारा पांच पर लुढ़का, चली शीत लहर

कोहरे ने थामी वाहन व रेलों की रफ्तार, दिनभर छाए रहे बादल

मुरैना। राजमाता कृषि विश्वविद्यालय के अन्तर्गत आने वाले कृषि आंचलिक अनुसंधान केन्द्र मुरैना तथा मौसम विभाग के पूर्वानुमान को गलत साबित करते हुए पारा नीचे खिसक गया, जो पिछले तीन दिन से 8.5 डिग्री पर ठहरा हुआ था जो आज 5 डिग्र्री पर आ गया। जबकि इसके विपरीत अधिकतम तापमान साढ़े तीन अंकों की बढ़त के साथ 24 डिग्री दर्ज किया गया। तापमान के गिरने से शनिवार को अंचल में शीतलहर का प्रकोप जारी रहा।
शुक्रवार की शाम से ही अंचल में सर्दं हवाएं चलना शुरू हो गईं थीं, देर रात के बाद कोहरे ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। शनिवार की सुबह लोग जब घरों से निकले, तो उनका सामना घने कोहरे से हुआ। दिन चढऩे के साथ कोहरा तो छंट गया, लेकिन बादलों की आवाजाही दिनभर देखने को मिली। बादल छाए रहने से सूर्यनारायण भी ठिठुरन से जूझते लोगों के साथ दिनभर आंखमिचौली खेलते रहे। कोहरे के कारण दृश्यता में कमी आई, जिसका असर सड़क एवं रेल यातायात पर देखने को मिला। चालकों को राष्ट्रीय राजमार्ग पर अपने वाहन धीमी गति से चलाने पड़े।
रेल यातायात प्रभावित, घंटों देरी से चली ट्रेनें
सर्दी बढऩे के साथ ही उत्तर भारत में शुरू हुए कोहरे का सबसे ज्यादा असर रेल यातायात पर है। शनिवार को दिल्ली की ओर से आने वाली ट्रेनें एक से छह घंटे तक की देरी से मुरैना पहुंचीं। शीतलहर के दौरान ट्रेनों के लेट होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जारी रहेगा कोहरा व शीतलहर का प्रकोप
मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में अंचल में कोहरा और शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। न्यूनतम तापमान भी पांच डिग्री के आसपास रहने के आसार है, जबकि हवाएं 6 से 7 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलेंगी।

Updated : 21 Dec 2014 12:00 AM GMT
Next Story
Top