Home > Archived > 'भाजपा को जिताकर विकास में सहभागी बनें मेहगांववासी'

'भाजपा को जिताकर विकास में सहभागी बनें मेहगांववासी'

* भोपाल से निधि लाने में कसर नहीं छोडूंगा: चौ. मुकेश
* भाजपा की नगरीय निकाय बनाएं: नरेन्द्र
* ममता के समर्थन में मेहगांव में हुई विशाल सभा

भिण्ड । मेहगांव नगरीय निकाय के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में विशाल जनसभा हुई। सभा को मुख्य अतिथि के रूप में सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री लाल सिंह आर्य ने संबोधित करते हुए कहा कि केन्द्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार है, अब नगरीय क्षेत्र की बारी है। शहरी क्षेत्र की मुख्य कड़ी नगरीय निकाय होते हैं यदि इनमें कुशल नेतृत्व, क्षमतावान प्रत्याशी चुनकर पहुंचेंगे तो निश्चित रूप से विकास होगा। भाजपा ने मेहगांव को अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के रूप में योग्य उम्मीदवार दिया है, यहां पूर्ण बहुमत से नगर परिषद बने इसलिए अध्यक्ष समेत पार्षद पद के उम्मीदवारों को भारी बहुमत से विजयी बनाएं।
भाजपा जिलाध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सर्वांगीण क्षेत्र का विकास करने के लिए दृढ़ संकल्पित है। वह अपने उद्देश्य की पूर्ति तभी कर पाएगी जब नगरीय क्षेत्र की इकाई भी पूर्ण बहुमत से भाजपा की होगी। मेहगांव के विकास के लिए भाजपा की नगर परिषद बनाएं। विधायक चौ. मुकेश सिंह ने कहा समूचे मेहगांव क्षेत्र के विकास की जिम्मेदारी हमारी है, लेकिन स्थानीय स्तर पर इकाई मजबूत नहीं होगी तो विकास के रास्ते में अवरोध आते हैं। मेहगांव के विकास के लिए भोपाल से निधि लाने में कोई कसर नहीं छोडूंगा। भिण्ड विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने कहा नगरीय निकाय विकास की मुख्य कड़ी है। केन्द्र में नरेन्द्र मोदी प्रदेश में शिवराज की सरकार है जो विकास के लिए बजट आवंटन देने के लिए उदार है। अब आवश्यकता है कि उनकी योजनाओं का लाभ लेने के लिए भाजपा की नगरीय निकाय बनाने की।
सभा को पूर्व विधायक राकेश शुक्ला, कोक सिंह नरवरिया, केपी सिंह भदौरिया, पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश सिंह कुशवाह, वीरेन्द्र राणा, डॉ. राजेन्द्र प्रकाश सिंह, मायाराम शर्मा, नरेन्द्र सोलंकी, अजय सिंह, जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश पुरोहित, मंडल अध्यक्ष जगदीश शर्मा आदि ने भी संबोधित किया। चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भाजपा नप अध्यक्ष प्रत्याशी ममता भदौरिया ने कहा कि संगठन ने उनको नगरीय निकाय चुनाव में अध्यक्ष के रुप में चुनाव मैदान में उतारा है। में आज मेहगांव नगर वासियों व मतदाताओं को आश्वस्त करती हूं कि नगर के विकास के लिए जी-जान से मेहनत करूंगी। उन्होंने 28 बिन्दु वाले घोषणा पत्र को भी पूरा करने का आह्वान किया। उनकी पहली प्राथमिकता मेहगांव नगर में सीवर प्रोजेक्ट, समुचित पेयजल आपूर्ति, शिविर लगाकर वार्डों की समस्याओं का निदान, नगर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए वाईपास व्यवस्था, चौराहों का सौन्दर्यीकरण, सुलभ काम्पलेक्स व कम्युनिटी हाल का निर्माण, नगर को कचरामुक्त बनाना, भ्रष्टाचार को रोकने पारदर्शी व्यवस्था बनाना, रेनबसेरा निर्माण, पौधारोपण व हरियाली को प्राथमिकता देने के साथ जरूरत के अनुसार अनुभवी व्यक्तियों के मागदर्शन व परिचर्चा कर समस्याओं का निदान करना आदि शामिल है।


Updated : 1 Dec 2014 12:00 AM GMT
Next Story
Top