Home > Archived > सोमवार को हो सकती है महाराष्ट्र बीजेपी विधायकों की बैठक

सोमवार को हो सकती है महाराष्ट्र बीजेपी विधायकों की बैठक

मुंबई | महाराष्ट्र के भाजपा विधायकों की सोमवार को संभावित बैठक के साथ ही प्रदेश में सरकार गठन की प्रक्रिया के गति पकड़ने की उम्मीद है। पार्टी के एक पदाधिकारी ने बताया कि भाजपा के विधायकों की सोमवार को बैठक होने की संभावना है। उन्होंने साथ ही कहा कि प्रदेश इकाई के प्रमुख देवेन्द्र फड़नवीस मुख्यमंत्री पद के लिए प्रमुख दावेदार हैं।
उन्होंने कहा कि दिवाली के दौरान कुछ होने की उम्मीद नहीं है। एक्शन अगले सप्ताह से शुरू होगा। उधर, आज शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से मुलाकात करने वाले आरपीआई नेता रामदास अठावले ने कहा कि उद्धव भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाने को ‘बेहद उत्सुक’ हैं। हालांकि भाजपा की ओर से अपने पूर्व सहयोगी को लेकर कोई टिप्पणी नहीं आई है। भाजपा पदाधिकारी ने कहा कि भाजपा विधायक दल का नेता दिवाली के बाद चुना जाएगा। केंद्रीय पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह दिवाली के बाद मुंबई में होंगे और नया नेता उनकी मौजूदगी में चुना जाएगा जो मुख्यमंत्री बनेगा।
इस बीच के समय का इस्तेमाल पार्टी मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले नेताओं के नामों का चयन करने में करेगी। उन्होंने बताया कि अभी तक मंत्रिमंडल में केवल भाजपा विधायकों को शामिल करने की बात है। उन्होंने नए मंत्रिमंडल में शिवसेना को जगह दिए जाने संबंधी सवाल पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। 288 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 122 सदस्य हैं और वह दिवाली के बाद सरकार गठन का दावा पेश करने के लिए राज्यपाल विद्यासागर राव से मिलने वाली है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ‘बिना शर्त’ बाहर से समर्थन की पेशकश कर रही है वहीं कुछ भाजपा नेताओं का मानना है कि शिवसेना इस समय शर्ते तय करने की स्थिति में नहीं है।

Updated : 25 Oct 2014 12:00 AM GMT
Next Story
Top