Home > Archived > नेपाल : बर्फ़ीले तूफ़ान और हिमस्खलन की घटनओं में 29 लोगों की मौत

नेपाल : बर्फ़ीले तूफ़ान और हिमस्खलन की घटनओं में 29 लोगों की मौत

काठमांडू। नेपाल में बर्फ़ीले तूफ़ान और हिमस्खलन की कई घटनाओं में 29 लोगों की मौत हो गई है। इस घटना में सबसे अधिक लोग अन्नपूर्णा सर्किट में मारे गए हैं। इस बर्फ़ीले तूफ़ान में मरने वालों में दो इजराइल और दो पोलैंड के नागरिकों सहित आठ नेपाली नागरिक भी शामिल हैं। वहीं, सर्किट से वापस आ रहे कई ट्रैकर्स भी लापता हैं जिनसे अभी तक कोई संपर्क नहीं हो पाया है।
इस क्षेत्र में ख़राब मौसम का यह अबतक का सबसे भयानक दौर है। नेपाल में पिछले कुछ दिनों में तेज बारिश के कारण कई लोग अपनी जानें गवां चुके हैं।
पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में हिमस्खलनों में करीब दस लोगों की मौत हो गई। इनमें स्थानीय लोगों के अलावा कनाडा, स्लोवाकिया और भारत के नागरिक भी शामिल हैं। तेज बारिश में एक फ्रांसीसी नागरिक के गंडकी नदी में बहने से मौत हो गई।
मालूम हो कि पड़ोसी देश भारत में चक्रवाती तूफ़ान हुदहुद के चलते नेपाल में भारी बारिश हुई है। उपग्रहों से मिली तस्वीरों से संकेत मिला है कि चक्रवाती तूफ़ान हुदहुद भारत से नेपाल और फिर चीन की ओर बढ़ रहा है। नेपाल की ट्रैकिंग और पर्वतारोहण उद्योग के लिए मौजूदा साल अच्छा नहीं रहा है।
गौरतलब है कि अप्रैल में दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट में एक हिमस्खलन में 18 शेरपाओं की मौत हो गई थी। इसके बाद से माउंट एवरेस्ट के लिए अभियानों में भारी कमी आई है।

Updated : 16 Oct 2014 12:00 AM GMT
Next Story
Top