Home > Archived > पाकिस्तान ने फिर किया संघर्ष विराम का उल्लंघन

पाकिस्तान ने फिर किया संघर्ष विराम का उल्लंघन

पाकिस्तान ने फिर किया संघर्ष विराम का उल्लंघन
X

जम्मू | पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू एवं कश्मीर के राजौरी जिले में भारतीय चौकी पर अकारण गोलीबारी कर नियंत्रण रेखा पर एक बार फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू क्षेत्र के राजौरी जिले में त्रिकुंडी गली इलाके में रात करीब 8:30 बजे गोलीबारी की। भारतीय सैनिकों ने जवाबी गोलीबारी की और रात 9:30 बजे तक दोनों ओर से गोलीबारी जारी थी।
पाकिस्तानी सैनिकों ने नियंत्रण रेखा पर पुंछ जिले में बुधवार और गुरुवार को संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए गोलीबारी की थी।
दोनों देशों के बीच नवंबर 2003 में संघर्ष विराम लागू हुआ जिसके बाद से सीमा पर रहने वाले लोगों का जीवन सामान्य हो सका।
पाकिस्तान इस वर्ष के शुरू से ही संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है। 6 अगस्त को पाकिस्तानी सेना के जवानों ने भारतीय क्षेत्र में घुसकर गोलीबारी की जिसमें भारतीय सेना के 5 जवान शहीद हो गए। उस घटना के बाद से पाकिस्तान पुंछ सीमा पर लगातार गोलीबारी कर संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है। शुक्रवार रात से लेकर शनिवार दोपहर तक पाकिस्तानी सेना ने पुंछ में किरनी, शाहपुर, हमीरपुर, बलनोई व बालाकोट सेक्टर की कई चौकियों पर गोलीबारी की, साथ ही रिहायशी क्षेत्रों को भी निशाना बनाया। भारतीय सेना ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया।
पुंछ में जारी गोलीबारी के बीच शनिवार शाम को राजौरी के तरकुंडी गली में भी पाकिस्तान ने जमकर गोलीबारी करने के साथ राकेट व मोर्टार के गोले भी दागे। कुछ गोले ग्रामीण क्षेत्र नक्का पंच ग्राई, चंबा और केरी में भी गिरे। इसमें एक ग्रामीण घायल हो गया। देर शाम तक यहां गोलीबारी जारी रही।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि इस गोलीबारी में कोई नुकसान नहीं हुआ। सेना के उच्चाधिकारी सीमा पर डेरा डाले पूरी स्थिति पर निगाह बनाए हुए हैं। पाकिस्तान दो सप्ताह से भी ज्यादा समय से लगातार सीमा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है।
एक जनवरी से अब तक सीमा पार से संघर्ष विराम उल्लंघन की 80 घटनाएं हो चुकी हैं। पुंछ में पाक गोलीबारी में अब तक तीन सेना के जवान और चार ग्रामीण भी घायल हो चुके हैं। इस बीच, पाकिस्तान ने कई बार जम्मू के सीमांत क्षेत्रों के साथ कारगिल में भी गोलीबारी की। कारगिल में भारत की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सेना के एक कैप्टन सहित दो जवान मारे गए थे।

Updated : 25 Aug 2013 12:00 AM GMT
Next Story
Top