Home > Archived > सोढ़ी को खेल रत्न, विराट सहित 15 को अर्जुन पुरस्कार

सोढ़ी को खेल रत्न, विराट सहित 15 को अर्जुन पुरस्कार

सोढ़ी को खेल रत्न, विराट सहित 15 को अर्जुन पुरस्कार
X

नई दिल्ली | लगातार दो विश्व कप में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय ट्रैप निशानेबाज रंजन सोढ़ी के नाम की सिफारिश प्रतिष्ठित राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए की गई जबकि चयन समिति ने स्टार क्रिकेटर विराट कोहली को उन 14 खिलाड़ियों में चुना जिन्हें अर्जुन पुरस्कार दिया जाएगा।
सूत्रों ने बताया कि हाल में संपन्न हुई विश्व चैम्पियशिप में कांस्य पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला एकल बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु को भी अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है। सिंधु के अलावा राष्ट्रमंडल खेल 2010 में राष्ट्रीय रिकार्ड के साथ कांस्य पदक जीतने वाले त्रिकूद के रंजीत माहेश्वरी और उभरते हुए गोल्फ खिलाड़ी गगनजीत भुल्लर को महान बिलियडर्स खिलाड़ी माइकल फरेरा की अगुआई वाली चयन समिति ने इस साल अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना है।
पिछले साल लंदन ओलंपिक खेलों में नाकामी का सामना करने वाले सोढ़ी दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी हैं। उन्होंने पिछले साल एशियाई खेलों में डबल ट्रैप का स्वर्ण पदक जीतने के अलावा राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक भी जीता था। खेल मंत्रालय से सोढ़ी के नाम को स्वीकृति मिलने के साथ ही वह खेल रत्न पुरस्कार से नवाजे जाने वाले सातवें निशानेबाज बन जाएंगे। रोचक तथ्य यह है कि लगातार तीसरे साल खेल रत्न पुरस्कार निशानेबाज को दिया जा रहा है। वर्ष 2011 में यह पुरस्कार गगन नारंग जबकि पिछले साल विजय कुमार को दिया गया था।
लंदन ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाले विजय ने पिछले साल पहलवान योगेश्वर दत्त के साथ संयुक्त रूप से खेल रत्न पुरस्कार हासिल किया था। योगेश्वर ने लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था। इस साल अर्जुन पुरस्कार हासिल करने वालों में सिर्फ एक मुक्केबाज का नाम शामिल हैं। यह मुक्केबाज विश्व चैम्पियनशिप की कांस्य पदक विजेता कविता चाहल है। अनुभवी स्क्वाश खिलाड़ी जोशन चिनप्पा, पूर्व हाकी कप्तान सबा अंजुम, टेबल टेनिस खिलाड़ी मौमा दास, पहलवान नेहा राठी और निशानेबाज राजकुमारी राठौड़ उन महिला खिलाड़ियों में शामिल हैं जिनके नाम की सिफारिश अर्जुन पुरस्कार के लिए की गई है। विश्व कप 2011 में रजत पदक जीतने वाली भारतीय टीम में शामिल तीरंदाज चेक्रोवोलु स्वुरो को भी इस पुरस्कार के लिए चुना गया है। 

Updated : 13 Aug 2013 12:00 AM GMT
Next Story
Top