Home > Archived > भारतीय राजनयिक के खिलाफ आरोप नहीं लिए जाएंगे वापस: अमेरिका

भारतीय राजनयिक के खिलाफ आरोप नहीं लिए जाएंगे वापस: अमेरिका

भारतीय राजनयिक के खिलाफ आरोप नहीं लिए जाएंगे वापस: अमेरिका
X

वॉशिंगटन । अमेरिका ने भारतीय राजनयिक देवयानी खोबरागड़े पर से सभी आरोप वापस लेने और उनके साथ कथित बुरे बर्ताव को लेकर माफी मांगने संबंधी भारत की दोनों मांगों को अस्वीकार कर दिया है। इस संबंध में अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता मैरी हर्फ ने कहा कि हमने इन आरोपों को बहुत गंभीरता से लिया है। हम इन आरोपों से किसी भी सूरत में पीछे नहीं हटेंगे। फिर से बता दूं कि यह कानून के पालन का मुद्दा है। यह पूछे जाने पर कि क्या देवयानी को छोड़ दिया जाएगा और अमेरिकी अदालत से आरोपों को खारिज करने को कहा जाएगा, हर्फ ने कहा कि नहीं।
वहीं दूसरी ओर महाराष्ट्र के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी एवं न्यूयार्क में नियुक्त भारतीय उप वाणिज्य दूत देवयानी खोबरागड़े के पिता उत्तम खोबरागड़े ने गुरुवार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अमेरिका में उनकी बेटी को न्याय नहीं मिला तो वह भूख हड़ताल करेंगे। उत्तम खोबरागड़े ने कहा कि मैं अगले घटनाक्रम का इंतजार करूंगा और अगले सप्ताह नई दिल्ली जाउंगा। मैं वहां प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने की कोशिश करूंगा। विदित हो कि पिछले सप्ताह खोबरागड़े को न्यूयार्क में वीजा धोखाधड़ी एवं अपनी नौकरानी को कम वेतन दिए जाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया और अशोभनीय तरीके से उनकी तलाशी ली गई और हिरासत के दौरान उन्हें कई गंभीर अपराधियों के साथ रखा गया।

Updated : 20 Dec 2013 12:00 AM GMT
Next Story
Top