Home > Archived > भारत ने ऑस्ट्रेलिया को दिया 304 रन का लक्ष्य

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को दिया 304 रन का लक्ष्य

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को दिया 304 रन का लक्ष्य
X

मोहाली | महेंद्र सिंह धौनी की शानदार पारी की बदौलत तीसरे वनडे में भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मजबूत चुनौती पेश की है। भारत ने निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट खोकर 303 रन बनाए। भारत के लिए धौनी ने 121 गेंदों में सर्वाधिक 139 रनों की पारी खेली, जिसमें 12 चौके व 5 छक्के शामिल हैं। जॉनसन ने 46 रन देकर सर्वाधिक चार बल्लेबाजों को पवेलियन पहुंचाया।
इससे पहले विराट कोहली 9 चौकों की मदद से 68 रन बनाकर ग्लेन मैक्सवेल की गेंद पर विकेटकीपर ब्रैड हैडिन को कैच थमा बैठे। उससे पहले रैना अच्छा खेल रहे थे, लेकिन वे भी केवल 17 रन ही बना पाए। उसके बाद क्रीज पर उतरे युवराज शुन्य पर आउट हो गए।
जयपुर वनडे में धुआंधार बैटिंग करने वाले शिखर धवन ने मोहाली में निराश किया। वे केवल आठ रनों का योगदान कर सके। उन्हें क्लाइंट मैके ने आउट किया। धवन के आउट होने के बाद विराट कोहली रोहित शर्मा का साथ देने आए। रोहित शर्मा भी कुछ खास नहीं कर पाए। वे केवल 11 रन बना पाए। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मिशेल जॉनसन ने तीन विकेट जबकि क्लाइंट मेक्के, शेन वॉटसन और ग्लेन मैक्सवेल ने एक-एक विकेट झटके।
इससे पहले भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रही वनडे सीरीज़ के दौरान मोहाली में तीसरे मैच के लिए ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर गेंदबाज़ी करने का फैसला किया। भारतीय और ऑस्ट्रेलियाई टीम में कोई बदलाव नहीं किए गए हैं।

Updated : 19 Oct 2013 12:00 AM GMT
Next Story
Top