Home > Archived > भारतीय हॉकी से जुड़ा रहेगा सहारा

भारतीय हॉकी से जुड़ा रहेगा सहारा

नई दिल्ली। क्रिकेट से नाता तोड़ने के बाद सहारा इंडिया ने भारतीय हॉकी के साथ अपने रिश्ते को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए पांच साल का स्पांसरशिप सम्बंधी करार जारी रखने का फैसला किया है। हॉकी इंडिया (एचआई) के महासचिव नरेंद्र बत्रा ने बताया कि सहारा ने अपने स्पांसरशिप संबंधी करार का नवीकरण करते हुए महिला और पुरुष हॉकी के साथ-साथ जूनियर वर्गो के लिए पांच साल का करार करने का फैसला किया है।
बत्रा ने कहा कि हमने करार की नई राशि को लेकर अंतिम फैसला नहीं किया है लेकिन इस राशि में अच्छी-खासी बढ़त की गई है। हम जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा करेंगे। सहारा इंडिया के सूत्रों ने बताया कि नए करार के तहत हॉकी इंडिया को 11 से 15 करोड़ सालाना मिल सकते हैं। इससे पहले के करार में सहारा हॉकी इंडिया को तीन करोड़ रुपये दिया करता था।
भारतीय हॉकी से अगले 5 साल तक जुड़ा रहेगा सहारा
सहारा और हॉकी का रिश्ता बहुत पुराना है। साल 2003 में सहारा ने पहली बार हॉकी को प्रायोजित किया था। उससे पहले कैस्ट्रोल हॉकी इंडिया का स्पांसर था। यह वह वक्त था जब भारतीय हॉकी महासंघ देश में हॉकी की देखरेख कर रहा था। 2003 में सहारा द्वारा किया गया करार आठ साल का था, जो 2011 में समाप्त हो गया। इसके बाद सहारा ने हॉकी इंडिया के साथ छह महीने का और करार किया, जो इस साल जनवरी में समाप्त हुआ।
नए करार के बाद भारत की महिला और पुरुष टीमें 18 से 26 फरवरी तक नेशनल स्टेडियम में खेले जाने वाले ओलम्पिक क्वालीफायर्स में सहारा के लोगो के साथ खेलती दिखेंगी।

Updated : 7 Feb 2012 12:00 AM GMT
Next Story
Top