Home > Archived > पाकिस्तान में सीनेट के चुनाव 2 मार्च को

पाकिस्तान में सीनेट के चुनाव 2 मार्च को



इस्लामाबाद। पाकिस्तानी संसद के उच्च सदन के लिए दो मार्च को चुनाव होंगे और इसके साथ ही उसमें अल्पसंख्यक समुदाय के चार सदस्य शामिल होंगे। पाकिस्तान के निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को सीनेट के चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया। उम्मीदवारी वापस लेने के लिए 24 फरवरी तक का समय निर्धारित किया गया है।
संबद्ध प्रांतीय असेंबलियों में दो मार्च को मतदान होगा। संघ शासित कबायली क्षेत्र के चार प्रतिनिधियों व इस्लामाबाद से दो प्रतिनिधियों के चुनाव के लिए नेशनल असेंबली में मतदान होगा। इतिहास में पहली बार अल्पसंख्यक समुदाय के चार सदस्य उच्च सदन में शामिल होंगे। गौरतलब है कि 18वें संविधान संशोधन के बाद सीनेट की सीटों की संख्या बढ़कर 104 हो गई है जबकि पहले यह 100 थी। चार अल्पसंख्यक सीटों पर मतदान के बाद सीनेट की 54 सीटों पर मतदान होगा। सीनेट एक स्थायी विधायी निकाय है और इसके सदस्यों का कार्यकाल छह वर्ष होता है। वैसे इसके आधे सदस्य हर तीन साल में सेवानिवृत्त होते है। 100 सदस्यीय सीनेट के आधे सांसद मार्च में अपना निर्धारित कार्यकाल पूरा कर रहे है। आने वाले चुनावों में विजयी होने वाले सदस्य उनका स्थान लेंगे।

Updated : 13 Jan 2012 12:00 AM GMT
Next Story
Top