उत्तर प्रदेश : बस्ती में निर्माणाधीन ओवरब्रिज गिरा
X
लखनऊ/ बस्ती। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में फुटहिया तिराहे के निकट एक निर्माणाधीन फ्लाईओवर ढह गया। इस घटना में मलबे के नीचे से निकाले जा रहे घायलों को एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया है। कुछ लोगों के घायल होने की खबर है।
शनिवार सुबह आठ बजकर 10 मिनट पर बस्ती से फैजाबाद फोरलेन पर फुटहिया तिराहे के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज का एक हिस्सा अचानक भरभरा कर गिर पड़ा। पचास मीटर लम्बाई का हिस्सा गिरने से वहां भागदौड़ मच गई। दिल्ली के एक कम्पनी द्वारा बनाये जा रहे इस ओवरब्रिज को गिरता देख रहे लोगों ने आवाज लगाकर पांच लोगों की जान भी बचायी। ओवरब्रिज के मलबे के नीचे आकर कुछ लोग घायल हो गये। जिन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल भेजा गया है।
घटना की सूचना लगते ही बस्ती के जिलाधिकारी, उप पुलिस महानिरीक्षक समेत जिला प्रशासन व पुलिस की टीमें पहुंच गयीं। प्रशासनिक टीमों ने रेस्क्यू आपरेशन शुरू कराते हुए मलबा हटवाने का कार्य शुरू करा दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय एक बच्चा और एक व्यक्ति मलबे में दबे देखे जा रहे थे।इसके अतिरिक्त भी कुछ लोग दबे हो सकते है। घटना के 20 मिनट में ही प्रशासनिक टीमें मौके पर आ गयी हैं और रेस्क्यू शुरू हो गया।
Swadesh Digital
स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in