Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > अन्य > नेपाल की 28 लड़कियां हुईं मुक्त, गल्फ देशों में बेचने की थी तैयारी

नेपाल की 28 लड़कियां हुईं मुक्त, गल्फ देशों में बेचने की थी तैयारी

नेपाल की 28 लड़कियां हुईं मुक्त, गल्फ देशों में बेचने की थी तैयारी
X

गाजियाबाद/नई दिल्ली/स्वदेश वेब डेस्क।​ जिला गाजियाबाद के इंदिरापुरम् थाना क्षेत्र के सृजन विहार अपार्टमेन्ट से पुलिस ने सोमवार को नेपाल की 28 लड़कियों को मुक्त कराया है। इन लड़कियों को गल्फ देशों में बेचने की तैयारी थी। पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। ये लोग सैक्स रैकेट व मानव तस्करी जैसे मामलों में लिप्त हैं।

दिल्ली के गीता कालोनी थाने की पुलिस ने सोमवार को गाजियाबाद के इंदिरापुरम् थाने की पुलिस को सूचना दी कि कुछ लड़कियों को नौकरी दिलाने के नाम पर गाजियाबाद के सृजन विहार अपार्टमेन्ट में बंधक बनाकर रखा गया है। इस पर इंदिरापुरम् थाने से एक टीम अपार्टमेन्ट पहुंची तो जानकारी हुई कि अपार्टमेंट के दो फ्लैटों में कुल 28 नेपाली लड़कियों को रखा गया है। पुलिस ने सभी लड़कियों को वहां से निकाला और थाने ले आई। नेपाल की लड़कियों को मुक्त कराने के आपरेशन की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्ण भी इंदिरापुरम् थाने पर पहुंचे। उन्होंने नेपाल की लड़कियों से अलग-अलग बातचीत करके उनसे नेपाल से गाजियाबाद तक पहुंचने की पूरी कहानी सुनी।

गाजियाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वैभव ने बताया कि दिल्ली पुलिस की मदद से गाजियाबाद की पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। ये लोग सैक्स रैकेट व मानव तस्करी जैसे मामलों में लिप्त हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लोगों में से एक व्यक्ति नेपाल का रहने वाला है। यही व्यक्ति इन लड़कियों को नेपाल से लेकर गाजियाबाद पहुंचा था। इसके चार साथी पहले से यहां मौजूद थे। सभी लड़कियों को पांचों लोग गल्फ देशों में बेचने की तैयारी में थे। इन लड़कियों में से दो लड़कियां भाग कर दिल्ली के गीता कालोनी थाने पहुंची तो दिल्ली पुलिस ने गाजियाबाद पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सृजन अपार्टमेन्ट में छापेमारी कर नेपाल की लड़कियों को मुक्त कराया गया।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लोगों से पूछताछ जारी है। इनके माध्यम से एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश होगा। इनके तार भारत के बाहर भी जुड़े हुए हैं। इस सम्बन्ध में दिल्ली पुलिस से भी वार्ता हो रही है।

Updated : 23 Oct 2018 10:20 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top