Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > अन्य > मौका मिला तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पर की जाएगी कार्रवाई : अखिलेश

मौका मिला तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पर की जाएगी कार्रवाई : अखिलेश

मौका मिला तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पर की जाएगी कार्रवाई : अखिलेश
X

बहराइच। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा समाजवादियों को कहती है कि वह आतंकवादी झंडा लेकर चलते हैं। जबकि प्रदेश के मुख्यमंत्री खुद कई झंडा लेकर चल रहे हैं। उनके ऊपर कई बड़े मुकदमे भी दर्ज हैं। मौका मिला तो मुख्यमंत्री पर भी कार्रवाई की जाएगी। अखिलेश पांचवे चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन शहर के गेंदघर मैदान में आयोजित जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने लोगों से सवाल किया कि सांड़ के हमले में मौत होने पर किस पर मुकदमा दर्ज कराया जाए? फिर इसके लिए सीधे तौर पर मुख्यमंत्री पर मुकदमा दर्ज कराने की बात कही।

उन्होंने कहा कि भाजपा वाले कहते हैं कि सपा-बसपा का मिलावटी गठबंधन है, जबकि भाजपा 38 दलों से मिली हुई है। सबसे बड़ी मिलावट तो भाजपा में है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 2014 के चुनाव में जो वादे जनता से किए थे। एक भी पूरे नहीं किए हैं। उन्होंने सवाल किया कि अच्छे दिन नहीं आए, कब आएंगे? किसान कड़ी मशक्कत करने के बाद भी उपज का उचित मूल्य नहीं पा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं पर तंज कसते हुए कहा कि गरीबों को खाद बांटी जाती है। उसमें भी पांच किलो निकाल ली जाती है। रसोई गैस सिलेंडर से गैस चोरी हो जाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने शौचालय के लिए एक गड्ढा खोदने का फरमान जारी किया था। भाजपा ने इसे दो गड्ढा कर दिया, लेकिन किसी ने शौचालय में पानी की व्यवस्था नहीं की।

सपा सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए उन्होंने कहा कि लोहिया आवास, समाजवादी पेंशन समेत अन्य योजनाओं का लाभ सीधे तौर पर पात्रों को मिल रहा था। इसे भाजपा ने बंद कर दिया। उन्होंने लोगों से सवाल किया कि एक लाख बीस हजार रुपये में क्या घर बनाया जा सकता है? उन्होंने वादा किया कि गठबंधन सरकार होने पर पात्रों को घर बनाने के लिए चार से पांच लाख रुपये धन दिया जायेगा।

उन्होंने कहा कि नोटबंदी से न तो काला धन पता और न ही सफेद का पता चला। रुपया काला व सफेद नहीं होता, हमारा लेनदेन काला व सफेद होता है। नोटबंदी से कोई फायदा नहीं हुआ। उद्योगपति देश से पैसा लेकर भाग गए। उन्होंने कहा कि 36 हजार ऐसे उद्योगपति हैं जो रुपया लेकर देश छोड़कर चले गए हैं। भाजपा पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी डराकर व नफरत फैला कर राजनीति करती है।

उन्होंने कहा कि गठबंधन नफरत की इस दीवार को ढहाने का काम करेगा। भाजपा ने संविधान से जो अधिकार गरीब, पिछड़ों, दलितों व अन्य लोगों को मिले थे। उसे छीन लिया। इससे युवाओं को नौकरी व रोजगार में फायदा नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नशे वाली चाय से बहुत लोग धोखा खा जाते हैं। बीजेपी सभी जाति के लोगों को आपस में बांटने का काम करती है।

उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार से कोई भी सवाल करने पर राष्ट्रविरोधी होने का तमगा लगा दिया जाता है। सरकार किसानों की आत्महत्या व बेरोजगारों के आंकड़े नहीं देना चाहती। उन्होंने वादा किया कि गठबंधन सरकार आने पर बीटीसी, शिक्षामित्रों, रोजगार सेवकों को पूरा सम्मान दिया जाएगा।

Updated : 4 May 2019 1:12 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top