Home > स्वदेश विशेष > "जैतो मोर्चा" भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का स्वर्णिम इतिहास

"जैतो मोर्चा" भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का स्वर्णिम इतिहास

जगजीत कौर 'नीरू सिंह ज्ञानी'

जैतो मोर्चा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का स्वर्णिम इतिहास
X

"जैतो मोर्चा" गंगसर साहिब सिक्खों द्वारा अहिंसात्मक पूर्ण एवं शांतिपूर्ण किये गये भारतीय स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन का स्वर्णिम इतिहास है...

21 फरवरी 2024 को जैतो मोर्चा आंदोलन के 100 वर्ष पूर्ण हुए हैं। यह एक साहसपूर्ण संघर्ष का इतिहास है जो सिक्खों द्वारा अंग्रेजों से अपनी संस्कृति व धार्मिक स्थानों को बचाने के लिए अहिंसात्मक रूप से किया गया था। अंग्रेज पंजाब में अपना शासन स्थापित करना चाहते थे। उन्होंने सिक्खों को अपना मुख्य लक्ष्य बनाया था। वे जानते थे कि इस बहादुर समुदाय को कुचले बिना वे भारत में अपना शासन स्थापित और विस्तारित नहीं कर सकते थे। इसी उद्देश्य के साथ उन्होंने कई स्थानों पर सिक्खों पर हमला किया। उन्होंने पंजाब की रियासतों को जीतने के लिये योजनापूर्ण तरीके से कदम उठाए। अंग्रेजों द्वारा सिक्खों के खिलाफ किए जा रहे अत्याचारों को रोकने के लिए सिक्खों ने संगठन बनाए और इन संगठनों ने जैतो मोर्चा आंदोलन में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।यह एक मुख्य संघर्ष था जो सिक्खों और अंग्रेजों के बीच हुआ।


महाराजा रिपुदमन सिंह को अंग्रेजों ने उनकी नाभा रियासत से हटाकर उनका राज्य हड़पने का प्रयास किया जिसका सिक्खों ने शांतिपूर्ण रूप से विरोध शुरू किया।महाराजा रिपुदमन सिंह सिक्ख धर्म के बारे में अपनी धार्मिक लोकप्रिय भावनाओं के कारण सिक्खों के बीच बहुत लोकप्रिय थे। यह देखकर ब्रिटिश सरकार ने उन्हें नाभा रियासत की गद्दी से हटाने के षड़यंत्र करने शुरू कर दिये। ब्रिटिश सरकार ने 9 जुलाई 1923 को महाराजा रिपुदमन को जबरन हटाकर उनके नाबालिग पुत्र को गद्दी पर बिठाना चाहा।

महाराजा रिपुदमन सिंह के साथ हो रहे अन्याय से राजनीतिक नेताओं को उनके प्रति सहानुभूति होने लगी। इसके अलावा, महाराजा रिपुदमन सिंह के व्यक्तित्व का नाभा राज्य की आम जनता के मन पर बहुत गहरा प्रभाव पड़ा। जिसके कारण आम जनता महाराजा के रियासत से अलग होने पर भी बहुत नाराज थी।

5 अगस्त, 1923 को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी नाभा के महाराजा द्वारा आयोजित एक सभा में सहानुभूति प्रस्ताव पारित किया गया।प्रस्ताव में कहा गया, ’’सभी उचित और शांतिपूर्ण तरीकों से महाराजा रिपुदमन सिंह के साथ हुए अन्याय को दूर किया जाए।” इस संकल्प पर अमल करते हुए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने 9 सितम्बर, 1923 को ’नाभा दिवस’ मनाने का निर्णय लिया। सिक्ख संगत द्वारागांव-गांव धार्मिक दीवान, नगर कीर्तन और महाराजा रिपुदमन सिंह के साथ हुए अन्याय को दूर करने के लिए अरदास में शामिल होने की अपील की गई। और इस तरह पूरे उत्साह के साथ नाभा दिवस हर जगह बड़े जोश के साथ मनाए जाने की तैयारियां शुरू हो गईं।

सिक्ख संगत ने 25, 26 व 27 अगस्त, 1923 को नाभा के गुरुद्वारा श्री गंगसर साहिब, जैतो में दीवान सजाने और श्री अखंड पाठ साहिब करने का निर्णय लिया। जब यह बात नाभा के अंग्रेज शासकों को पता चली तो संगत के कार्यक्रम में विघ्न डालने के इरादे से ब्रिटिश पुलिस ने उसी वर्ष 25 अगस्त के दीवान में भाग लेने वाले सिक्खों के नामों की एक सूची तैयार की और लंगर चलाने वाली संगत को डराया एवं धमकाया गया। इसके साथ ही नाभा रियासत के सिक्खों को परेशान भी किया गया। प्रबंधकों ने हालात खराब होते देख लंगर की सेवा के लिए दीवान में अपील की, जिसको स्वीकार करते हुऐ सरदार नंद सिंह (रियासत फरीदकोट) ने लंगर का प्रबंध करने की पेशकश की।

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा पंथ को की गई अपील के कारण 9 सितंबर, 1923 को ’नाभा दिवस’ मनाते हुए सिक्ख रियासतों और पंजाब के लगभग सभी शहरों में नगर कीर्तन निकाले गए, दीवान सजाए गए, प्रस्ताव पारित किए गए और अरदास की गई। जैतो मंडी में भी नगर कीर्तन निकाला गया और गुरुद्वारा श्री गंगसर साहिब में दीवान सजाकर श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ किये गये।

इस समय नाभा राज्य का प्रशासन ब्रिटिश सरकार द्वारा नियुक्त श्री विल्सन जॉनस्टन के अधीन था। राज्य में किसी को भी महाराजा रिपुदमन सिंह के संबंध में कोई राय, शिकायत या प्रस्ताव पारित करने की अनुमति नहीं थी। 9 सितंबर, 1923 को नगर कीर्तन में भाग लेने वाले सिक्ख अकालियों को गिरफ्तार कर लिया गया। अब तक अंग्रेज सरकार द्वारा किसी भी धार्मिक अनुष्ठान में हस्तक्षेप नहीं किया गया था, लेकिन 14 सितंबर, 1923 को जब श्रद्धालु जैतो के गुरुद्वारा श्री गंगसर साहिब पर सजाए गए दीवान में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के श्री अखंड पाठ साहिब को सुन रहे थे, तभी ब्रिटिश सरकार के सशस्त्र वर्दीधारी सैनिकों का एक दस्ता गुरुद्वारा साहिब में दाखिल हो गया।

उन्होंने गुरुद्वारा में प्रवेश करके सेवादारों सहित सभी उपस्थित संगत को गिरफ्तार कर लिया। अंग्रेज पुलिस कर्मियों ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के श्री अखंड पाठ साहिब की सेवा में बैठे ज्ञानी इंदर सिंह को भी बांह से पकड़कर नीचे गिरा दिया और घसीटतेहुए ले गए। इस प्रकार ब्रिटिश पुलिस द्वारा श्री अखंड पाठ साहिब में विघ्न डालकर श्री गुरू ग्रंथ साहिब जी की घोर बेअदबी की गयी। सिक्खों के लिए श्री अखंड पाठ साहिब को रोकना व बेअदबी करना, सिख धर्म और श्री गुरु ग्रंथ साहिब का बहुत बड़ा अपमान था। शीघ्र ही इस घटना की चर्चा हर जगह फैल गई। इस घटना से देश में रहने वाले सिखों का दिल दहल गया। पूरा सिक्ख पंथ एकजुट होकर भारी संख्या में नाभा के ब्रिटिश शासन के खिलाफ एक और मोर्चा खोलने के लिए खड़ा हो गया।

इस मोर्चे का मुद्दा श्री अखंड पाठ साहिब जी,श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी (निरादर)का था।101 श्री अखंड पाठ साहिब को लगातार करने का निर्णय लेकर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने अपने सदस्यों के अलग-अलग समय पर तीन समूह गुरुद्वारा श्री गंगसर साहिब, जैतो भेजे। प्रत्येक समूह के सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह देखकर संगत ने प्रतिदिन 25-25 सिक्खों का जत्था गुरुद्वारा श्री गंगसर साहिब, जैतो भेजने का निर्णय लिया।

ऐसा पहला समूह 15 सितम्बर, 1923 को श्री अकाल तख़्त साहिब से पैदल रवाना हुआ। प्रतिदिन 25-25 सिक्खों को जैतो भेजने पर कोई संतोषजनक परिणाम न देखकर एक बार तो पूरा देश गहरी सोच में पड़ गया, लेकिन गहन विचार के तुरंत बाद शिरोमणि कमेटी ने 25 की बजाय 500-500 सिक्खों को जैतो भेजने का निर्णय लिया। इस निर्णय के तहत वे 9 फरवरी, 1924 को गुरुद्वारा श्री गंगसर साहिब, जैतो में श्री अखंड पाठ साहिब प्रारम्भ करने के लिए निकल पड़े। कई दिन चलने के बाद 20 फरवरी, 1924 को शहीदी जत्था अपने अंतिम चरण में पहुँच गया। फरीदकोट के बरगाड़ी गांव पहुंचकर 21 फ़रवरी 1924 को सुबह ’’आसा दी वार’’ का कीर्तन और दीवान ख़त्म करके जत्था जैतो की ओर चल पड़ा, जोकि 5-6 मील की दूरी पर था।

अंग्रेजों द्वारा किए गए अत्याचारों के बावजूद 500-500 सिक्खों के 13 अन्य शहीदी जत्थे जैतो पहुंचे और गिरफ्तारियाँ दे दी। गुरुद्वारा श्री गंगसर साहिब की ओर जाने वाली सड़क पर कंटीले तार लगा दिए गए और भारी पुलिस तैनात कर दी गई। गुरुद्वारे के पास किले पर मशीनगनें लगी हुई थीं और ब्रिटिश सेना और पुलिस जगह-जगह बंदूकें ताने खड़ी थीं। शहीदी जत्था गुरुद्वारा श्री टिब्बी साहिब से लगभग 150 गज पीछे था जहां पर एक अंग्रेज अधिकारी ने जत्था को आगे बढ़ने से रोका और कहा, “रुको, आगे मत बढ़ो। नहीं तो बंदूक चल जाएगी, गोली चल जाएगी।“ सभी ने यह आदेश सुना, लेकिन जत्था नहीं रुका और गुरुद्वारा श्री टिब्बी साहिब की ओर लगातार बढ़ता रहा। यहां तक कि जब एक मां द्वारा ले जाए जा रहे एक बच्चे की गोली लगने से मौत हो गई तो उस मां ने बच्चे के शव को जमीन पर लिटा दिया और अपने साथियों के साथ आगे बढ़ती चली गई, हालाँकि, इसके तुरंत बाद उसकी भी गोली मारकर हत्या कर दी गई और वह भी शहीद हो गई। इसके बावजूद भी जत्थे के किसी भी सिक्ख ने शांति भंग नहीं की। अंग्रेज अधिकारी यह देखकर सेना की ओर दौड़ा और सेना को गोली चलाने का आदेश दे दिया। आदेश का पालन करते हुए तीनों तरफ से गोलीबारी शुरू हो गयी। कुछ देर के अंतराल के बाद दूसरी बार भी गोलियाँ चलनी शुरू हो गयीं।ये गोलीबारी पांच मिनट तक निरंतर चलती रही, लेकिन सिक्खों का जत्था शांतिपूर्वक, साहस और शीतलता के साथ आगे बढ़ता गया इस गोलीबारी में इतिहास के अनुसार, लगभग 300 सिक्ख घायल हुए एवं 100 से अधिक सिक्खों ने शहीदियाँ प्राप्त की।

गोलीबारी बंद होने तक सभी संगत गुरुद्वारा श्री टिब्बी साहिब पहुँच चुके थे।इसके बाद जत्थे के घायल और शहीद सिक्खों को गुरुद्वारा साहिब में लाने के प्रयास शुरू हो गए। जैतो के गुरुद्वारा श्री गंगसर साहिब में हुई इस दर्दनाक घटना से न केवल भारत में बल्कि विदेशों में भी सिक्खों में आक्रोश की लहर फैल गयी। जैतो के इस मोर्चे में कलकत्ता से एक जत्थे के अलावा, 11 सिक्खों सहित एक जत्था कनाडा से आया, दो जत्थे चीन से आए, एक शंघाई से और दूसरा हांगकांग से।सिक्खों में गुरुद्वारा श्री गंगसर साहिब जाने और श्री अखंड पाठ साहिब जी शुरू करने का उत्साह और भी बढ़ गया। परिणामस्वरूप, कुल 17 शहीदी जत्थों ने क्रमिक रूप से मार्च किया और इस मोर्चे मे अंततः सफल हुए। सत्रहवाँ शहीदी जत्था 27 अप्रैल, 1925 को श्री अकालतख्त साहिब से लायलपुर होते हुए पैदल जैतो की ओर निकला। रास्ते में सिक्खों को सूचना मिली कि ब्रिटिश सरकार ने इस संबंध में सभी प्रतिबंध हटा दिए हैं। यह जत्था गुरुद्वारा श्री गंगसर साहिब जैतो मे पहुंचा और इस प्रकार वहां पहला श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ किया गया।

गुरुद्वारा श्री गंगसर साहिब, जैतो में श्री अखंड पाठ साहिब को सभी प्रतिबंधों से मुक्त करके नए सिरे से शुरू करने के लिए सिक्खों को एक वर्ष और दस महीने तक अथक प्रयास करना पड़ा। इस संघर्ष के दौरान, सैकड़ों सिक्ख शहीद हुए, हजारों सिक्ख घायल हो गए, कई विकलांग हो गए। कई सिक्खों की संपत्ति और घर ब्रिटिश सरकार द्वारा जब्त कर लिए गए और उन्हें उनकी संबंधित रियासतों से निर्वासित कर दिया गया। कई सिक्ख सरदारों के पद भी छीन लिये गये।इस पूरे संघर्ष के दौरान सिक्खोंको जेलों में जिन कठिनाइयों, तसीहोंएवं अनेक प्रकार की यातनाओं का सामना करना पड़ा, उनका पूरी तरह वर्णन करना भी संभव नही है।

पंजाब के गर्वनर सर मेल्कॉम हैली अंग्रेज शासक द्वारा सिक्खों को जैतो में श्री अखंड पाठ साहिबकरने की अनुमति देने के मुद्दे पर सरकार, पंडित मदन मोहन मालवीय और भाई जोध सिंह के माध्यम से बातचीत शुरू करने के लिए तैयार थी परंतु ब्रिटिश सरकार महाराजा रिपुदमन सिंह को अपने राज्य में पुनः स्थापित करने की इच्छुक नहीं थी। लेकिन इसी बीच सरकार द्वारा 7 जुलाई 1925 को सिक्ख गुरुद्वारा बिल सर्व सहमति के साथ पारित कर दिया गया।

इस जैतो मोर्चे के संघर्ष के कारण आगे जाकर एतिहासिक सकारत्मक परिणाम निकले। सारे बंदियों को रिहा कर दिया गया।सारी पाबंदियां हटा दी गई और सिक्खों द्वारा 101 श्री अखंड पाठ साहिब की संपूर्णता 6 अगस्त 1925 को की गई। यहां इतना कहना पर्याप्त होगा कि सिक्खों ने देश और धर्म की रक्षा करते हुए अंग्रेजो के विरूद्ध साहस के साथ पहला शांतिपूर्ण एवं अहिंसात्मक आंदोलन करते हुए सफलता प्राप्त की। गुरु साहिब के प्रेम के मार्ग पर चलते हुए सिक्खों ने ब्रिटिश सरकार को यह संदेश भी दिया कि सिक्ख युद्धों में साहस दिखाने के साथ-साथ शांतिपूर्ण विरोध भी व्यक्त कर सकते हैं और फ़तेह प्राप्त कर सकते है।

इस मोर्चे मे भाग लेने वाले सिक्खों को ब्रिटिश सरकार द्वारा अनेक यातनाएं देकर शहीद कर दिया गया था। देश और धर्म की रक्षा के लिए सिक्खों द्वारा दिये गये इस बलिदान के सम्मान में भारतवासी सदैव नतमस्तक रहेंगे। जैतो मोर्चे की सफलता जहां एक तरफ अंग्रेजों की करारी हार थी वहीं भारत के स्वतंत्रता आंदोलन को भी इसमें दिशा-निर्देश तय करने कीप्रेरणा मिली।


लेखिका - जगजीत कौर नीरू सिंह ज्ञानी, निदेशक, पंजाबी साहित्य अकादमी, म.प्र. संस्कृति परिषद, संस्कृति विभाग

(लेखिका नीरू सिंह ज्ञानी के नानाजी स्व. सरदार जमैत सिंह एक स्वतंत्रता सैनानी थे जिन्होंने जैतो मोर्चा आंदोलन में हिस्सा लिया था)

Updated : 20 Feb 2024 12:40 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh News

Swadesh Digital contributor help bring you the latest article around you


Next Story
Top