Home > राज्य > अन्य > उत्तराखंड के महाविनाश की पांचवी बरसी पर यज्ञ

उत्तराखंड के महाविनाश की पांचवी बरसी पर यज्ञ

उत्तराखंड के महाविनाश की पांचवी बरसी पर यज्ञ
X

नई दिल्ली। अखिल भारतीय उत्तराखंड त्रासदी पीड़ित मंच रविवार को उस आपदा में काल-कवलित हुए लोगों की याद में यज्ञ-हवन का आयोजन करेगा। इस मंच की स्थापना भाजपा नेता अश्विनी कुमार चौबे ने की है, जो वर्तमान में केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री हैं। रविवार शाम उनके लोक कल्याण मार्ग पर स्थित सरकारी आवास में उत्तराखंड की उस भीषण आपदा की पांचवीं बरसी पर शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि 16-17 जून, 2013 को उत्तराखंड में आई भीषण आपदा में हजारों लोग हताहत हुए थे। उस महाविनाशकारी बरसात में कितने लोग मारे गए, इसका सही अनुमान आज तक नहीं लगाया जा सका है। उस त्रासदी के प्रत्यक्षदर्शी इसे 50 हजार के आस पास बताते हैं तो सरकार के आंकड़े 10 हजार के पार नहीं जाते। मारे गए लोगों के अतिरिक्त पूरे देश भर से वहां पहुंचे तीर्थयात्रियों को जिस तरह से निकाला गया, वह भी अपने आप में एक कीर्तिमान बना। केदारनाथ, बद्रीनाथ, यमुनोत्री, गंगोत्री और हेमकुंड साहिब में फंसे लाखों श्रद्धालुओं ने काल को बहुत निकट से देखा था। उनमें अश्विनी कुमार चौबे का भी परिवार था। वे अपने परिवार के 15 सदस्यों के साथ उस आपदा में फंसे थे और 7 सदस्यों को खोकर लौट सके।

दिल्ली आने के बाद उन्होंने आपदा पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए तथा केदार घाटी के पुनरूद्धार के लिए इस मंच का गठन किया है। उस आपदा की आंखों देखी के आधार पर एक पुस्तक भी लिखी – त्रिनेत्र। इससे पहले आयोजित 3 श्रद्धांजलि सभाओं में संघ प्रमुख मोहन भागवत सहित अनेक केन्द्रीय मंत्रियों और संतों ने शिरकत की थी।

Updated : 16 Jun 2018 8:29 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top