Home > खेल > क्रिकेट > गंभीर ने इस खिलाड़ी को बताया अपना बेस्ट कप्तान, तारीफ में कही बड़ी बात

गंभीर ने इस खिलाड़ी को बताया अपना बेस्ट कप्तान, तारीफ में कही बड़ी बात

गंभीर ने इस खिलाड़ी को बताया अपना बेस्ट कप्तान, तारीफ में कही बड़ी बात
X

नई दिल्ली। पूर्व भारतीय ओपनर गौतम गंभीर ने सौरव गांगुली के नेतृत्व में अपना क्रिकेट डेब्यू किया था। गंभीर ने राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले और महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में भी खेला। उनके टीम इंडिया में रहते भारत ने 2007 का आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप और 2011 का आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप भी जीता। ये दोनों विश्व कप भारत ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में जीते। गंभीर ने टेस्ट टीम में उस वक्त वापसी की, जब युवा विराट कोहली ने भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी संभाली। कई कप्तानों के साथ खेलने वाले गौतम गंभीर ने अब इन सभी में से बेस्ट कप्तान को चुना है।

गौतम गंभीर ने अपने 13 साल के लंबे क्रिकेट करियर में कई उतार-चढ़ाव देखे। वह लगभग हर सफल भारतीय कप्तान के नेतृत्व में खेले। इन सबमें से किसी एक को चुनना आसान नहीं है, लेकिन जब गंभीर को निजी रूप से पसंदीदा कप्तान चुनने के लिए कहा गया तो उन्हें इसमें जरा झिझक नहीं हुई। बाएं हाथ के इस ओपनर ने 2018 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।

गौतम गंभीर ने स्टार स्पोर्ट्स के शो क्रिकेट कनेक्टेड में अनिल कुंबले को भारत का बेस्ट कप्तान बताया। उन्होंने कहा, ''रिकॉर्ड के मामले में महेंद्र सिंह धोनी टॉप पर हैं, लेकिन मेरे लिए जिनके अंडर में मैं खेला उनमें कुंबले बेस्ट कप्तान हैं।''

उन्होंने कहा, ''अगर अनिल कुंबले लंबे समय तक कप्तानी करते तो वह सारे रिकॉर्ड तोड़ सकते थे।'' गंभीर ने कहा, ''सौरव गांगुली ने वाकई बहुत अच्छा किया। लेकिन मैं हमेशा चाहता था कि कुंबले लंबे समय तक टीम की कप्तानी करें। मैं उनके नेतृत्व में छह टेस्ट मैच खेले। यदि उन्होंने लंबे समय तक टीम की कप्तानी की होती तो वह सारे रिकॉर्ड तोड़ देते।''

गंभीर ने अनिल कुंबले की तारीफ करते हुए कहा, ''कप्तान और नेता होने में फर्क होता है। मैं अपने करियर में बहुत सारे कप्तानों के अंडर खेला। उनमें से अनिल कुंबले सबसे निस्वार्थ और ईमानदार इनसान हैं। मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है।''

गौतम गंभीर खुद भी आईपीएल के सफल कप्तानों में से एक रहे हैं। उनके नेतृत्व में कोलकाता नाइट राइडर्स ने दो बार आईपीएल खिताब जीते। वहीं, अनिल कुंबले अपने क्रिकेट करियर के 17वें साल में नवंबर 2007 में राहुल द्रविड़ के कप्तानी छोड़ने के बाद कप्तानी संभाली थी।

अनिल कुंबले ने टेस्ट में 619 और वनडे में 337 विकेट लिए हैं। उनके संन्यास के बाद महेंद्र सिंह धोनी ने भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तानी संभाली। धोनी की कप्तानी में भारत ने आईसीसी की तीनों ट्रॉफी अपने नाम की है। धोनी दुनिया के इकलौते कप्तान हैं, जिनके नाम यह खास रिकॉर्ड दर्ज है। चेन्नई सुपर किंग्स भी महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में तीन बार (2010, 2011, 2018) आईपीएल खिताब जीत चुकी है।

Updated : 22 April 2020 9:54 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top