Home > राज्य > अन्य > नई दिल्ली > मनोज तिवारी ने केजरीवाल को दी स्लम बस्तियों में आकर विकास कार्यों पर बहस की चुनौती

मनोज तिवारी ने केजरीवाल को दी स्लम बस्तियों में आकर विकास कार्यों पर बहस की चुनौती

मनोज तिवारी ने केजरीवाल को दी स्लम बस्तियों में आकर विकास कार्यों पर बहस की चुनौती
X

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष और उत्तर-पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के 'नाचने वाला' तंज पर शनिवार को पलटवार करते हुए दिल्ली की स्लम बस्तियों पर आकर विकास कार्यों पर चर्चा की चुनौती दी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने पार्टी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वह केजरीवाल को अर्मायादित भाषा में जवाब नहीं दे सकते क्योंकि उन्हें परिजनों से ऐसा संस्कार नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि हमें पता है की ऐसे बयान अरविंद केजरीवाल की हार की बौखलाहट है। दिल्ली के मुख्यमंत्री को 100-150 लोगों के साथ रोड शो में देखे जाते हैं। ऐसे इंसान से आप और क्या अपेक्षा करेंगे लेकिन एक कलाकार को गाली देना पूरे कलाकार जगत का अपमान है।

मनोज तिवारी ने केजरीवाल के सरकारी नौकरी छोड़कर राजनीति में आने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मैं केजरीवाल की तरह किसी संस्था से भागा हुआ, झूठ बोलने वाला और अपने साथियों पर आरोप लगाने वाला और शक करने वाला व्यक्ति नहीं हूं। उन्होंने कहा कि वह बेहद गरीब पृष्ठभूमि से आते हैं और अपनी मेहनत और संघर्ष से यहां तक पहुंचे हैं। तिवारी ने दिल्ली की स्लम बस्तियों पर अपने रात्रि प्रवासों का जिक्र करते हुए कहा कि केजरीवाल के लिए ऐसा करना कठिन होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री को स्लम बस्तियों में आकर विकास कार्यों पर चर्चा की चुनौती देते हुए कहा कि वह कल से झुग्गी झोपड़ी में जाएंगे और वहां पानी और अन्य विकास कार्यों का रियलिटी चेक करेंगे कि दिल्ली सरकार ने वहां क्या विकास किया।

मनोज तिवारी ने केजरीवाल पर अपने गुरुओं को धोखा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल 'आप' की पूर्व नेता संतोष कोली के सुंदर नगरी स्थित घर में रहे और बाद में उसकी हत्या करवा दी। केजरीवाल उसको गुरु मानते थे और हत्या का आरोप केजरीवाल पर ही है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के एक और गुरु अन्ना हजारे ने भी कहा कि जिस कांग्रेस के भ्रष्टाचार के खिलाफ हमने आंदोलन किया उसी कांग्रेस के साथ सत्ता और पैसे के लालच में केजरीवाल गठबंधन करना चाहते हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि चार चरण के चुनाव जो सम्पन्न हुए हैं उससे साफ हो गया है कि भाजपा कम से कम 300 सीटों के साथ वापस सरकार बना रही है। इसी वजह से कांग्रेस और 'आप' बौखला गई है। उन्होंने कहा कि 'आप' झूठ की फ़ैक्टरी है और इस बार दिल्ली की जनता कांग्रेस और 'आप' को दिल्ली से उखाड़ फेंकेगी।

भाजपा ने इस दौरान एक वीडियो के माध्यम से मनोज तिवारी के जन्म से लेकर बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय में क्रिकेट खेलने और फिर संगीत के क्षेत्र में संघर्ष से मुकाम हासिल करने तक के सफर को दिखाया। बताया गया कि वह चार हजार 880 गाने गा चुके हैं। वीडियो में उनके भाजपा में शामिल होकर प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद बतौर सांसद क्षेत्र में विकास कार्य करते हुए भी दिखाया गया है।

Updated : 4 May 2019 2:03 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top