Home > राज्य > मध्यप्रदेश > इंदौर > इंदौर के व्यापारी की पत्नी क्रूज से गिरी, समुद्र में डूबने से मौत

इंदौर के व्यापारी की पत्नी क्रूज से गिरी, समुद्र में डूबने से मौत

बेटे ने पीएमओ से मांगी थी मदद

इंदौर के व्यापारी की पत्नी क्रूज से गिरी, समुद्र में डूबने से मौत
X

इंदौर। इंदौर के होटल व्यापारी जाकेश साहनी की पत्नी रीता सिंगापुर में क्रूज से गिर गईं और समुद्र में डूबने से उनकी मौत हो गई। उनके बेटे अपूर्व साहनी ने इसकी पुष्टि की है। वे पति के साथ अपना जन्मदिन मनाने के लिए मलेशिया और सिंगापुर घूमने गई थीं। इसी दौरान यह हादसा हो गया।

जानकारी के मुताबिक, इंदौर के कनक एवेन्यू निवासी रीता साहनी (64) और उनके पति जाकेश साहनी (70) साहनी गत 24 जुलाई को ही सिंगापुर-मलेशिया टूर पर गए थे। वे 31 जुलाई को सिंगापुर में 'स्पेक्ट्रम ऑफ द सीज' क्रूज से पेनांग से सिंगापुर लौट रहे थे। बताते हैं कि सोमवार को रीता का जन्मदिन था। उन्होंने रात में रीता का जन्मदिन मनाया और इसके बाद जाकेश सोने चले गए। जाकेश सोकर उठे तो रीता नजर नहीं आई। उन्होंने पहले खुद ही रीता को तलाशा, लेकिन वह नजर नहीं आई। क्रूज स्टाफ ने भी तलाशा, लेकिन कुछ भी पता नहीं चला। इस दौरान पता लगा कि क्रूज से समुद्र में कुछ गिरा है, लेकिन क्या रीता ही समुद्र में गिरी हैं, ये कंफर्म नहीं हो पाया था।

पीएमओ से मदद मांगी -

जाकेश ने क्रूज प्रबंधन से सीसीटीवी फु़टेज मांगे, लेकिन वह आनाकानी करता रहा। ऑस्ट्रेलिया में रह रहे जाकेश के बेटे अपूर्व ने मंगलवार को ट्वीट कर पीएमओ से मदद मांगी। अपूर्व ने लिखा कि माता-पिता छुट्टियां बिताने क्रूज पर गए थे। क्रूज स्टाफ कुछ गिरने का दावा कर रहा है, लेकिन सीसीटीवी फुटेज नहीं बता रहा। इंदौर सांसद शंकर लालवानी ने भी विदेश मंत्री एस. जयशंकर से इस बारे में चर्चा की थी। इसके बाद मंगलवार शाम 7.19 बजे अपूर्व ने ट्वीट कर मां रीता का निधन होने की पुष्टि की।इससे पहले अपूर्व साहनी ने ट्वीट के माध्यम से कहा था कि उनकी 'मां को तैरना नहीं आता है। घटना के बाद पिता जाकेश को सिंगापुर में ही उतार लिया गया। उनसे स्थानीय पुलिस ने लंबी पूछताछ की। हमने पुलिस से क्रूज के सीसीटीवी फुटेज देखने के लिए कहा है।' अपूर्व ने बताया था, 'क्रूज के स्टाफ से यह जरूर पता चला है कि समुद्र में कुछ गिरा है। मेरी मां और पिता छुट्टियां बिताने क्रूज टूर पर गए थे। सोमवार को चार दिन के टूर का आखिरी दिन था।'

इंदौर निवासी छुट्टियां बिताने सिंगापुर गए -

मैरीटाइम एंड पोर्ट अथॉरिटी ऑफ सिंगापुर (एमपीए) ने सोमवार को एक बयान में कहा था, 'मैरीटाइम रेस्क्यू को-ऑर्डिनेशन सेंटर (एमआरसीसी) सिंगापुर को सुबह करीब 7.50 बजे घटना के बारे में सूचित किया गया था।' बयान में कहा गया कि यात्री 'स्पेक्ट्रम ऑफ द सीज' क्रूज पर सवार था, जो पानी में गिर गया था। हालांकि, इसके अलावा और कोई जानकारी नहीं दी गई थी।जाकेश साहनी इंदौर के राजशाही होटल से जुड़े रहे हैं। परिवार ने यह होटल बीते दिनों बेच दिया था। बड़े बेटे अपूर्व के ऑस्ट्रेलिया और छोटे बेटे के मुंबई शिफ्ट होने के चलते साहनी दंपती भी इंदौर से मुंबई चले गए थे। वे छोटे बेटे के घर से ही घूमने के लिए सिंगापुर गए थे। परिवार के करीबियों के मुताबिक, जाकेश साहनी इंदौर के धेनु मार्केट में अपने दो भाइयों पवन और हरीश के साथ रहते थे।

Updated : 2 Aug 2023 8:25 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top