Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > रिकॉर्ड : मध्यप्रदेश ने 51 ब्लॉकों में की खनिज भंडारों की नीलामी की घोषणा

रिकॉर्ड : मध्यप्रदेश ने 51 ब्लॉकों में की खनिज भंडारों की नीलामी की घोषणा

नीलामी के लिए 51 ब्लॉकों में रणनीतिक और महत्वपूर्ण खनिज हैं

रिकॉर्ड : मध्यप्रदेश ने 51 ब्लॉकों में की खनिज भंडारों की नीलामी की घोषणा
X

File Photo

भोपाल। मध्यप्रदेश ने 14 जुलाई को रिकॉर्ड संख्या में 51 खनिज ब्लॉकों की नीलामी के लिए निविदा आमंत्रण नोटिस जारी की है। यह किसी भी राज्य द्वारा एक ही किश्त में नीलामी के लिए अधिसूचित खनिज ब्लॉकों की सबसे अधिक संख्या है। 2015 में नीलामी व्यवस्था प्रारम्भ होने के बाद से विभिन्न प्रमुख खनिज भंडार वाले राज्यों द्वारा 754 ब्लॉकों को नीलामी के लिए रखा गया है, जिनमें से 276 ब्लॉकों की सफलतापूर्वक नीलामी की गई है।

51 ब्लॉकों में हैं 14 प्रकार के खनिज

इन 51 ब्लॉकों में 14 खनिज शामिल हैं जिनमें ग्रेफाइट और वैनेडियम, प्लैटिनम ग्रुप ऑफ एलिमेंट्स (पीजीई) जैसे रणनीतिक और महत्वपूर्ण खनिज तथा मैंगनीज, बॉक्साइट, चूना पत्थर, लौह अयस्क, बेस मेटल और सोना जैसे अन्य प्रमुख खनिज शामिल हैं। मध्य प्रदेश द्वारा जिन 51 खनिज ब्लॉकों के लिए एनआईटी जारी की गई है, उनमें से 13 ब्लॉक खनन पट्टे के लिए और 38 ब्लॉक कंपोजिट लाइसेंस के लिए हैं।

कुल खनिज ब्लॉकों की संख्या 176 पहुंची

मध्य प्रदेश खनिज ब्लॉक नीलामी के मामले में वित्त वर्ष 2022-23 के दौरान भी राज्य सरकारों में सबसे आगे था, जिसने वित्तीय वर्ष के दौरान 29 ब्लॉकों की नीलामी की थी। 2015 में नीलामी व्यवस्था की शुरुआत के बाद से, मध्य प्रदेश ने 125 खनिज ब्लॉकों को नीलामी के लिए अधिसूचित किया है। इनमें से 46 की सफलतापूर्वक नीलामी की गई है। इन 51 ब्लॉकों की अधिसूचना के साथ मध्य प्रदेश नीलामी के लिए अधिसूचित ब्लॉकों की सबसे अधिक संख्या वाले राज्य के रूप में भी उभरा है, जिससे कुल खनिज ब्लॉकों की संख्या 176 हो गई है।

बिहार, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और केरल की राज्य सरकारों ने 2015 के बाद से किसी भी ब्लॉक की नीलामी नहीं की है।

Updated : 14 July 2023 3:47 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh News

Swadesh Digital contributor help bring you the latest article around you


Next Story
Top