Home > शिक्षा > कैरियर > IIT-JEE एडवांस्ड परीक्षा परिणाम घोषित, मृदुल अग्रवाल ने किया टॉप

IIT-JEE एडवांस्ड परीक्षा परिणाम घोषित, मृदुल अग्रवाल ने किया टॉप

IIT-JEE एडवांस्ड परीक्षा परिणाम घोषित, मृदुल अग्रवाल ने किया टॉप
X

नई दिल्ली/वेब डेस्क। देशभर के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) में प्रवेश के लिए आयोजित संयुक्त प्रवेश परीक्षा उन्नत (जेईई एडवांस)-2021 में दिल्ली जोन के मृदुल अग्रवाल ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। वहीं लड़कियों में दिल्ली जोन की ही काव्या चोपड़ा अव्वल रही हैं।

आईआईटी खड़गपुर ने शुक्रवार को जेईई एडवांस-2021 का परिणाम घोषित कर दिया। मूलत: जयपुर निवासी मृदुल अग्रवाल आईआईटी दिल्ली क्षेत्र से जेईई एडवांस में उपस्थित हुए थे। उन्होंने 360 में से 348 अंक (96.66 प्रतिशत) के साथ न केवल शीर्ष स्थान प्राप्त किया है बल्कि इतिहास रच दिया है। असल में यह अब तक का सर्वाधिक स्कोर है। यह 2011 के बाद से जेईई एडवांस परीक्षा में किसी छात्र द्वारा बनाया गया उच्चतम स्कोर है। पिछले एक दशक में, उच्चतम स्कोर 96 रहा है।

जेईई एडवांस्ड प्रवेश परीक्षा 3 अक्टूबर को देश भर के परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इसके पेपर 1 और 2 दोनों में कुल 1,41,699 उम्मीदवार शामिल हुए थे। इनमें से कुल 41,862 उम्मीदवारों ने जेईई (एडवांस्ड) 2021 उत्तीर्ण किया है। कुल योग्य उम्मीदवारों में से 6,452 महिलाएं हैं।

आईआईटी दिल्ली जोन के मृदुल अग्रवाल जेईई (एडवांस्ड) 2021 में कॉमन रैंक लिस्ट (सीआरएल) में शीर्ष रैंक पर हैं। उन्होंने 360 अंकों में से 348 अंक प्राप्त किए। मृदुल मूल रूप से जयपुर निवासी हैं। वहीं आईआईटी दिल्ली क्षेत्र की काव्या चोपड़ा सीआरएल 98 के साथ शीर्ष रैंक वाली महिला हैं। उन्होंने 360 में से 286 अंक प्राप्त किए हैं।

Updated : 16 Oct 2021 6:39 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh News

Swadesh Digital contributor help bring you the latest article around you


Next Story
Top