Home > Lead Story > गोवा : भाजपा ने दिया एक मुख्यमंत्री और दो उप मुख्यमंत्री का फॉर्मूला

गोवा : भाजपा ने दिया एक मुख्यमंत्री और दो उप मुख्यमंत्री का फॉर्मूला

गोवा : भाजपा ने दिया एक मुख्यमंत्री और दो उप मुख्यमंत्री का फॉर्मूला
X

नई दिल्ली। गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के निधन के बाद पिछले 24 घंटे से मुख्यमंत्री पद को लेकर मचे घमासान के बीच भाजपा ने इसका फार्मूला ढूंढ़ लिया है। एक मुख्यमंत्री और दो उप मुख्यमंत्री बनाकर इसे अंतिम रूप दिये जाने की कोशिश अंतिम चरण में है।

गोवा विधानसभा के अध्यक्ष एवं भाजपा विधायक प्रमोद सावंत गोवा के नए मुख्यमंत्री हो सकते हैं। सुदीन धवलीकर और विजय सरदेसाई उप मुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं। सुदीन धावलीकर महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी और विजय सरदेसाई गोवा फारवर्ड पार्टी के विधायक हैं। पर्रिकर के नेतृत्व वाली गोवा सरकार को इन दलों का समर्थन प्राप्त था।

आज रात को ही शपथ ग्रहण हो सकता है। गोवा प्रदेश भाजपा के नेताओं के हवाले से मीडिया रिपोर्ट्स में इस तरह की जानकारी छनकर आ रही है।

गोवा मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए मनोहर पर्रिकर का लम्बी बीमारी के बाद रविवार को निधन हो गया। उसके बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस पार्टी फिर से सक्रिय हुई और सोमवार को पुन: राजभवन में जाकर अपनी सरकार बनाने का दावा पेश किया। विपक्ष के नेता चंद्रकांत कावलेकर के नेतृत्व में सभी 14 कांग्रेस विधायकों ने राज्यपाल मृदुला सिन्हा को एक पत्र सौंपते हुए कहा कि कांग्रेस विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी थी और उसे सरकार बनाने की अनुमति दी जानी चाहिए।

उधर, सोमवार रात को भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने गोवा पहुंच कर पार्टी और सहयोगी दलों के विधायकों से बातचीत कर पर्रिकर के उत्तराधिकारी के झगड़े को सुलझाने का प्रयास किया। हालांकि रात में यह मामला पूरी तरह नहीं सुलझा और आज दिन में कई दौर में इसे सुलझाने के प्रयास किये गए।

सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी पर्रिकर के अंतिम संस्कार में शामिल होने गोवा पहुंचे। इस दौरान भाजपा ने एक बार सहयोगी दलों से इस मामले में फिर बातचीत की। पता चला है कि फिलहाल एक मुख्यमंत्री और दो उप मुख्यमंत्री बनाए जाने पर सहमति बन गई है। शपथ ग्रहण भी आज रात तक हो सकता है।

समाचार लिखे जाने तक भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और गोवा विधानसभा कि स्पीकर प्रमोद सावंत समेत पार्टी के विधायक पणजी के एक होटल में चल रही बैठक में मौजूद हैं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि मुख्यमंत्री भाजपा का ही होगा, हम सहयोगियों के संपर्क में हैं।

गोवा विधानसभा के लिए 2017 में हुए चुनाव में किसी भी दल को बहुमत नहीं मिला था। तब केंद्र में रक्षा मंत्री रहे पर्रिकर ने गोवा फॉरवर्ड पार्टी, महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) और निर्दलीय विधायकों के समर्थन से सरकार बनाई थी। वह पणजी से विधायक चुने गए थे। लोकसभा चुनाव के साथ ही गोवा की तीन विधानसभा सीटों शिरोदा, मंडरेम और मपूसा के लिए भी 23 अप्रैल को मतदान होना है।

उधर, कांग्रेस ने दावा किया है कि विधानसभा में भाजपा के पास बहुमत नहीं है और कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी है। इसलिए कांग्रेस को सरकार बनाने का मौका दिया जाना चाहिए। राज्यपाल को लिखे पत्र में कांग्रेस ने कहा है कि गोवा में राष्ट्रपति शासन लागू करने की कोई भी कोशिश गैर-कानूनी होगी और कांग्रेस उसे अदालत में चुनौती देगी।

उल्लेखनीय है कि गोवा में विधानसभा की कुल 40 सीटें हैं। भाजपा विधायक फ्रांसिस डिसूजा के निधन, कांग्रेस से सुभाष शिरोडकर और दयानंद सोप्ते के इस्तीफा देने के चलते सूबे में अब 36 विधायक ही बचे हैं। सोप्ते और शिरोडकर भाजपा में शामिल हो चुके हैं। इसके चलते कांग्रेस पर अब 16 की बजाय 14 विधायक ही बचे हैं, जबकि भाजपा के पास 12 विधायक हैं। हालांकि भाजपा को गोवा फॉरवर्ड पार्टी के तीन, महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी के तीन और एनसीपी के एक विधायक के अलावा एक निर्दलीय का भी समर्थन हासिल है। इस तरह भाजपा के पास कुल 20 विधायकों का समर्थन है।

Updated : 18 March 2019 3:15 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top