Home > देश > संसद का बजट सत्र शुरू, राष्ट्रपति मुर्मू ने किया संबोधित, कहा - नए भवन में ' एक भारत-श्रेष्ठ भारत' की महक

संसद का बजट सत्र शुरू, राष्ट्रपति मुर्मू ने किया संबोधित, कहा - नए भवन में ' एक भारत-श्रेष्ठ भारत' की महक

संसद का बजट सत्र शुरू, राष्ट्रपति मुर्मू ने किया संबोधित, कहा - नए भवन में  एक भारत-श्रेष्ठ भारत की महक
X

नईदिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज (बुधवार) संक्षिप्त बजट सत्र के पहले दिन संसद के दोनों सदनों के संयुक्त संबोधन में कहा कि अमृतकाल की शुरुआत में यह भवन बना है। यहां एक भारत, श्रेष्ठ भारत की महक भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस नए भवन में नीतियों पर सार्थक संवाद होगा। यह नीतियां आजादी के अमृतकाल में विकसित भारत का निर्माण करेंगी।

उन्होंने कहा, '' हम सभी बचपन से गरीबी हटाओ के नारे सुनते आ रहे हैं लेकिन अब हम बड़े पैमाने पर गरीबी को दूर होते देख रहे हैं। नीति आयोग के अनुसार मेरी सरकार के एक दशक के कार्यकाल में लगभग 25 करोड़ देशवासी गरीबी से बाहर निकले। ''

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, ''बीता वर्ष भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा रहा है। भारत सबसे तेजी से विकसित होती बड़ी अर्थव्यवस्था बना। लगातार दो तिमाही से भारत की विकास दर 7.5 फीसदी से ज्यादा रही है। भारत को अपना सबसे बड़ा समुद्री पुल अटल सेतु मिला। भारत को अपनी पहली नमो भारत ट्रेन और पहली अमृत भारत ट्रेन मिली। भारत की एयरलाइन कंपनी ने दुनिया की सबसे बड़ी एयरक्राफ्ट डील की।उन्होंने कहा, ''जम्मू-कश्मीर आरक्षण कानून से वहां के जनजातीय समूह को प्रतिनिधि का अधिकार मिलेगा। मेरी सरकार परीक्षाओं में हो रही गड़बड़ी को लेकर छात्रों की चिंता से सजग है।'' राष्ट्रपति ने कहा, ''तीन दशक बाद नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित करने के लिए मैं आपकी सराहना करती हूं।''

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को परंपरागत तौर पर संसद के सत्र के प्रारंभ के पूर्व दिए जाने वाले अपने वक्तव्य में सभी सांसदों से बजट सत्र के इस अवसर का लाभ उठाकर सकारात्मक फुटप्रिंट छोड़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह समय पश्चाताप का है।संसद भवन प्रांगण में पत्रकारों से बातचीत में बजट सत्र शुरू होने से पूर्व प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “जिन लोगों को हंगामा करने और संवैधानिक मूल्यों को गिराने की आदत है, उन सभी सांसदों को इस आखिरी सत्र में आत्मचिंतन करना चाहिए।” प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का मार्गदर्शन और कल निर्मला सीतारमण द्वारा अंतरिम बजट पेश करना महिला सशक्तिकरण के उत्सव की तरह है।

उन्होंने कहा कि इससे पहले संसद भवन ने ''नारीशक्ति वंदन कानून’ को पारित कर बहुत ही गरिमामय निर्णय लिया। 26 जनवरी को भी हमने कर्तव्य पथ पर नारी शक्ति के शौर्य, पराक्रम और संकल्प का अनुभव किया। उल्लेखनीय है कि 17वीं लोकसभा का अंतिम बजट सत्र आज से प्रारंभ होने जा रहा है। नई सरकार के गठन से पूर्व इस बजट सत्र में कल निर्मला सीतारमण अंतरिम बजट पेश करेंगी।

Updated : 31 Jan 2024 6:52 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top