Home > देश > पूर्व केंद्रीय मंत्री और रालोद अध्यक्ष अजित सिंह का निधन, प्रधानमंत्री ने जताया दुःख

पूर्व केंद्रीय मंत्री और रालोद अध्यक्ष अजित सिंह का निधन, प्रधानमंत्री ने जताया दुःख

पूर्व केंद्रीय मंत्री और रालोद अध्यक्ष अजित सिंह का निधन, प्रधानमंत्री ने जताया दुःख
X

नईदिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह का गुरुवार सुबह निधन हो गया। वे कोरोना से संक्रमित हो गए थे और गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रालोद सुप्रीमो के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि वे हमेशा किसानों के हित में समर्पित रहे।

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, "पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। वे हमेशा किसानों के हित में समर्पित रहे। उन्होंने केंद्र में कई विभागों की जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति!"

बेटे ने दी जानकारी -

रालोद के उपाध्यक्ष और अजित सिंह के पुत्र जयंत चौधरी ने ट्वीट कर कहा, "चौधरी साहब नहीं रहे।" उन्होंने एक अन्य ट्वीट में परिवार की ओर से जारी संदेश को साझा करते हुए कहा, चौधरी अजित सिंह 20 अप्रैल को कोरोना संक्रमित पाये गए थे और आज प्रातः उन्होंने अंतिम सांस ली। असीम दुःख की घड़ी है। अंतिम समय तक भी चौधरी साहब संघर्ष करते रहे!

परिवार ने किया आग्रह

चौधरी के परिजनों ने उनके समर्थकों से कोरोना के चलते घर पर ही रहने का आग्रह करते हुए कहा, जीवन पथ पर चलते हुए चौधरी साहब को बहुत लोगों का साथ मिला। ये रिश्ते चौधरी साहब के लिए हमेशा प्रिय थे। चौधरी साहब ने आप सबको अपना परिवार माना और आप ही के लिए हमेशा चिंता की। आज, इस दुःख व महामारी के काल में हमारी आप से प्रार्थना है की अपना पूरा ध्यान रखें, सम्भव हो तो अपने घर पर रहें और सावधानी जरूर बरतें। इससे देश की सेवा कर रहे डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मचारियों को भी मदद मिलेगी और ये ही चौधरी साहब को आपकी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। हम इस महामारी से जूझ रहे सभी परिवारों के प्रति अपनी भावपूर्ण संवेदना व्यक्त करते हैं।

नेताओं ने जताया शोक -

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा, "राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजीत सिंह जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। लंबे समय तक राजनीति में रहते हुए उन्होंने सदैव जनसेवा में अपने आपको समर्पित किया। ईश्वर दिवंगत की आत्मा को शांति तथा शोकाकुल परिजन को संबल प्रदान करें।"

रक्षामंत्री ने दी श्रद्धांजलि -

केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने चौधरी अजीत सिंह के निधन पर पीड़ा जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने अपने लम्बे सार्वजनिक जीवन में वे हमेशा जनता और ज़मीन से जुड़े रहे । साथ ही किसानों, मज़दूरों एवं अन्य निर्बल वर्गों के हितों के लिए संघर्ष भी करते रहे।

गृहमंत्री ने दुःख व्यक्त किया -

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने चौधरी अजित सिंह को याद करते हुए कहा कि वह हमेशा किसानों के हितों के लिए आगे रहे। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग व सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि चौधरी अजित सिंह किसानों से जुड़ाव और उनके कल्याण के लिए किए गए कार्यों के लिए सदैव याद किए जाएंगे।


Updated : 12 Oct 2021 10:43 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top