Home > देश > आपातकाल के 45 साल : अमित शाह ने कहा- देश में लोकतंत्र लेकिन कांग्रेस में नहीं

आपातकाल के 45 साल : अमित शाह ने कहा- देश में लोकतंत्र लेकिन कांग्रेस में नहीं

आपातकाल के 45 साल : अमित शाह ने कहा- देश में लोकतंत्र लेकिन कांग्रेस में नहीं
X

नई दिल्ली। आपातकाल की 45वीं बरसी पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र है लेकिन कांग्रेस में नहीं। आज ही के दिन 45 साल पहले सत्ता के लालच में एक परिवार ने देश में आपातकाल लगाया था। रातों रात राष्ट्र को जेल में बदल दिया गया। प्रेस, अदालतें, मुक्त भाषण... सब पर पाबंदी लगा दी गई। गरीबों और दलितों पर अत्याचार किए गए।

गृहमंत्री ने कहा कि लाखों लोगों की कोशिशों के बाद इमरजेंसी हटी और लोकतंत्र की बहाली हुई थी लेकिन कांग्रेस का रवैया नहीं बदला। एक परिवार के हित पार्टी और देश हित से भी ऊपर रखे गए। कांग्रेस में आज भी यही हो रहा है। आज भी कांग्रेस की सोच में आपातकाल की वो छवि विद्यमान है। कांग्रेस के नेता हताश हो रहे हैं। देश में लोकतंत्र है लेकिन कांग्रेस में लोकतंत्र नहीं है।

वहीं, अमित शाह ने एक मीडिया रिपोर्ट को शेयर करते हुए कहा कि पिछले दिनों हुई कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कुछ मुद्दे उठाए थे लेकिन उनकी बात दबा दी गई। एक पार्टी प्रवक्ता संजय झा को एक लेख के कारण बिना सोचे-समझे बर्खास्त कर दिया गया। यह दर्शाता है कि कांग्रेस पार्टी में अब भी आपातकाल सी स्थिति है। सच्चाई यह है कि कांग्रेस के नेता घुटन महसूस कर रहे हैं।

शाह ने कहा कि भारत के विपक्षी दलों में से कांग्रेस को खुद से कुछ सवाल पूछने की जरूरत है। आपातकाल जैसी विचारधारा अभी भी क्यों पार्टी में है? ऐसे नेता जो एक वंश के नहीं हैं, बोलने में असमर्थ क्यों हैं? कांग्रेस में नेता क्यों निराश हो रहे हैं? अगर वह सवाल नहीं पूछते हैं तो लोगों से उनका जुड़ाव और कम हो जाएगा।

Updated : 25 Jun 2020 8:35 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top