Home > राज्य > मध्यप्रदेश > दतिया > सेवढ़ा में कांग्रेस उम्मीदवार का विरोध, दामोदर ने दिया इस्तीफा

सेवढ़ा में कांग्रेस उम्मीदवार का विरोध, दामोदर ने दिया इस्तीफा

बसपा ने अपने प्रत्याशी घोषित नहीं किये हैं। सेंवढ़ा से आप ने प्रत्याशी घोषित कर दिया है। भाण्डेर में समाजवादी पार्टी ने भी प्रत्याशी घोषित कर दिया है।

सेवढ़ा में कांग्रेस उम्मीदवार का विरोध, दामोदर ने दिया इस्तीफा
X

दतिया। विधानसभा चुनाव के लिए दतिया जिले की तीनों सीटों पर कांग्रेस में घमासान मचा हुआ है। दतिया में कांग्रेस के प्रत्याशी अवधेश नायक का विरोध के बाद टिकट बदलकर राजेन्द्र भारती को दे दिया है। भाण्डेर में फूलसिंह तो सेवढा में घनश्याम सिंह का विरोध हो रहा है। कांग्रेस को भानु ठाकुर के बाद दामोदर यादव ने भी अलविदा कह दिया है।

बसपा ने अपने प्रत्याशी घोषित नहीं किये हैं। सेंवढ़ा से आप ने प्रत्याशी घोषित कर दिया है। भाण्डेर में समाजवादी पार्टी ने भी प्रत्याशी घोषित कर दिया है।

विधानसभा चुनाव के लिए जहां कांग्रेस की दूसरी सूची घोषित होने के ठीक एक दिन बाद भाजपा ने भी शनिवार को भाण्डेर से घनश्याम पिरोनिया को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। पिरोनिया ने उम्मीदवार घोषित होने से पहले से ही जनसंपर्क शुरू कर दिया था। तीनों सीटो पर भाजपा ने अपने प्रत्याशी घोषित कर दिये हैं। सेंवढ़ा से प्रदीप अग्रवाल, दतिया से डॉ. नरोत्तम मिश्रा व भाण्डेर से पूर्व विधायक घनश्याम पिरोनिया चुनाव मैदान में हैं।

दतिया में कांग्रेस ने सबसे पहले अवधेश नायक का टिकट घोषित किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं विरोध, धरना, प्रदर्शन व बढ़ते असंतोष के कारण कांग्रेस ने पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती का टिकट घोषित किया। इसी तरह भाण्डेर में पूर्व विधायक फूल सिंह वरैया का टिकट घोषित होने पर भाण्डेर से पहले से तैयारी कर रहे प्रदेश महामंत्री म.प्र कांग्रेंस, प्रदेश संयोजक अनुसूचित जाति विभाग भानू ठाकुर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया और फूल सिंह वरैया के विरोध में खुलकर सामने आ गये। उन्होंने शुक्रवार को भाजपा कार्यालय में जाकर भाजपा की सदस्यता ली।

गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने उनका स्वागत किया। सेंवढ़ा में वर्तमान विधायक घनश्याम सिंह को कांग्रेस ने पुन: प्रत्याशी घोषित किया है। इसके साथ ही यहां से तैयारी कर रहे दामोदर सिंह यादव ने भी चुनावी मैदान में उतरने का मन बना लिया । उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया और आजाद समाज पार्टी की सदस्यता ले ली एवं आजाद समाजपार्टी ने उन्हें सेंवढ़ा प्रत्याशी घोषित कर दिया है। सोशल मिडिया पर दामोदर यादव द्वारा कांग्रेस से इस्तीफा देने का पत्र और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) द्वारा उन्हें सेवढा से उम्मीदवार बनाए जाने की सूची प्रदर्शित है। सच जानने के लिए जब दामोदर यादव को कई बार मोबाइल पर बात करने का प्रयास किया तो वह फोन काटते रहे। फिलहाल अब तीनों जगह भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी घोषित हो चुके है। तीनों जगह प्रत्याशियों ने अपना-अपना अभियान शुरू कर दिया है।

Updated : 21 Oct 2023 10:37 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Digital Desk

Swadesh Digital contributor help bring you the latest article around you


Next Story
Top