Home > राज्य > अन्य > पश्चिम बंगाल > भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को प्रियंका से मिलेगी चुनौती, जल्द हो सकती है घोषणा

भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को प्रियंका से मिलेगी चुनौती, जल्द हो सकती है घोषणा

भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को प्रियंका से मिलेगी चुनौती, जल्द हो सकती है घोषणा
X

कोलकाता। दक्षिण कोलकाता की भवानीपुर विधानसभा सीट जहां से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी उपचुनाव लड़ने जा रही हैं वहां उन्हें भाजपा की प्रियंका टिबड़ेवाल से कड़ी चुनौती मिल सकती है। माकपा ने यहां पहले ही ममता के खिलाफ पेशे से अधिवक्ता श्रीजीव विश्वास को ममता बनर्जी के खिलाफ उम्मीदवार बना दिया है। भारतीय जनता पार्टी भी अब लोकप्रिय महिला चेहरा तथा अधिवक्ता प्रियंका टिबड़ेवाल को उनके खिलाफ उतारने की तैयारी कर रही है। पार्टी सूत्रों ने गुरुवार को इसकी पुष्टि की है। जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।

पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा को लेकर कलकत्ता हाई कोर्ट में दाखिल कराए गए मामलों को प्रियंका ने ही न्यायालय के समक्ष रखा था और वादियों की तरफ से केस लड़ी थीं। उन्हीं की जोरदार जिरह की वजह से मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई है और सत्तारूढ़ पार्टी की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं। टिबरेवाल भाजपा नेता बाबुल सुप्रियो की कानूनी सलाहकार भी रह चुकी हैं। बाबुल सुप्रियो के कहने पर ही प्रियंका टिबरेवाल ने साल 2014 में भाजपा ज्वाइन की थी।

एंटाली से विधानसभा चुनाव लड़ा -

साल 2015 में प्रियंका ने भाजपा उम्मीदवार के रूप में वार्ड संख्या 58 (एंटली) से कोलकाता नगर परिषद का चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें तृणमूल कांग्रेस के स्वपन समदार से हार का सामना करना पड़ा था। भाजपा ज्वाइन किए प्रियंका को अभी छह साल का ही समय हुआ है लेकिन उन्होंने कई महत्वपूर्ण मोर्चे पर काम संभाला है। अगस्त 2020 में उन्हें पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता युवा मोर्चा का उपाध्यक्ष बनाया गया था। इस साल उन्होंने एंटाली से विधानसभा चुनाव भी लड़ा था। हालांकि इस चुनाव में उन्हें तृणमूल के स्वर्ण कमल साहा से 58 हजार 257 मतों से हार का सामना करना पड़ा था।

कई नामों पर चर्चा -

प्रियंका टिबरेवाल का जन्म सात जुलाई1981 को कोलकाता में हुआ था। उनकी स्कूली शिक्षा वेलैंड गॉल्डस्मिथ स्कूल में हुई और बाद में वह उच्च शिक्षा के लिए दिल्ली आ गईं। प्रियंका ने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की उपाधि प्राप्त की। साल 2007 में कलकत्ता विश्वविद्यालय के अधीनस्थ हाजरा लॉ कॉलेज से कानून की डिग्री हासिल कीं। टिबरेवाल ने गुरुवार को बताया कि पार्टी की ओर से उनकी राय ली गई है कि क्या वह भवानीपुर से चुनाव लड़ना चाहती हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि भवानीपुर से चुनाव लड़ने के लिए पार्टी में कई नामों पर चर्चा चल रही है। उन्होंने कहा कि अभी मुझे पता नहीं है उम्मीदवार कौन होगा।


Updated : 12 Oct 2021 10:33 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top