वाराणसी दाल मंडी में जर्जर मकानों पर बुलडोजर एक्शन, व्यापारी ने खुद पर डाला पेट्रोल

वाराणसीः शहर की पुरानी और व्यस्त दाल मंडी में सड़क चौड़ीकरण को लेकर सोमवार को प्रशासन की कार्रवाई ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। अभियान के तहत जर्जर घोषित किए गए 21 मकानों और दुकानों में से 18 को बुलडोजर और हथौड़ों की मदद से गिरा दिया गया। यह कार्रवाई शुरू होते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
कार्रवाई के दौरान एक व्यापारी ने विरोध के चरम रूप में खुद पर पेट्रोल डाल लिया और अपने मकान के पहले फ्लोर पर खड़े होकर आत्मदाह की धमकी देने लगा। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। अधिकारी उसे लगातार समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन व्यापारी का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा था।
नाराज व्यापारी का कहना था कि उसका मकान जर्जर नहीं है और प्रशासन जानबूझकर उसे जर्जर बताकर मुआवजा देने से बचना चाहता है। उसने साफ कहा कि अगर मकान गिराया जाएगा तो उसे उचित मुआवजा दिया जाए। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने अपनी दुकान में आग लगा दी। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस घटना के बाद अन्य दुकानदार और स्थानीय लोग भी बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ सड़कों पर उतर आए। लोग प्रशासन से कम से कम 10 दिन की मोहलत देने की मांग करते रहे, ताकि वे अपने सामान और वैकल्पिक इंतजाम कर सकें। कई लोग इस दौरान रोते-बिलखते नजर आए और माहौल पूरी तरह भावुक हो गया।
हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने सख्ती दिखाई और विरोध कर रहे 8 लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस उन्हें खींचते हुए ले गई, इस दौरान कुछ लोगों के साथ मारपीट की भी शिकायत सामने आई।
प्रशासन का कहना है कि दाल मंडी में सड़क चौड़ीकरण के लिए जर्जर मकानों और दुकानों को हटाया जा रहा है। दाल मंडी में एक ही दिन में हुई यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है, जिसने पूरे इलाके में तनाव और असंतोष का माहौल पैदा कर दिया है।
