Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > वाराणसी > अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन पहुंची वाराणसी, बाबा विश्वनाथ के करेंगी दर्शन

अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन पहुंची वाराणसी, बाबा विश्वनाथ के करेंगी दर्शन

वाराणसी में हिलेरी क्लिंटन बाबा की नगरी की धार्मिक परम्परा, संस्कृति आदि को नजदीक से महसूस करेंगी।

अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन पहुंची वाराणसी, बाबा विश्वनाथ के करेंगी दर्शन
X

लखनऊ। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन की पत्नी और पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन गुरुवार शाम वाराणसी पहुंची। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अन्तरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हिलेरी क्लिंटन का स्वागत एयरपोर्ट निदेशक अर्यमा सान्याल ने गर्मजोशी से पुष्प गुच्छ देकर किया।

एयरपोर्ट से हिलेरी क्लिंटन कड़ी सुरक्षा के बीच सड़क मार्ग से नदेसर स्थित तारांकित होटल में आई। होटल में कुछ देर विश्राम के बाद पूर्व विदेश मंत्री राजघाट स्थित नमो घाट जाएंगी और वहां से क्रूज में सवार होकर गंगा आरती देखने जाएंगी। बाबा विश्वनाथ धाम में भ्रमण के बाद दरभंगा घाट स्थित ब्रजरामा पैलेस में डिनर कर होटल लौटेंगी। वाराणसी में तीन दिन प्रवास के दौरान हिलेरी क्लिंटन बाबा की नगरी की धार्मिक परम्परा, संस्कृति आदि को नजदीक से महसूस करेंगी।

वाराणसी भ्रमण के बाद 11 फरवरी को विशेष विमान से दिल्ली लौट जाएंगी। अमेरिका के पूर्व विदेश मंत्री के वाराणसी प्रवास को देखते जिला प्रशासन भी सतर्क है। अमेरिका के सुरक्षा एजेंसी के अफसर भी स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर पूर्व विदेश मंत्री के प्रवास स्थल और कार्यक्रम स्थल की निगरानी कर रहे हैं।

बताते चले कि पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन भारत दौरे पर आई हुई हैं। भारत दौरे में उन्होंने अहमदाबाद में सामाजिक कार्यकर्ता एवं गांधीवादी इला भट्ट को श्रद्धांजलि दी और उनके द्वारा स्थापित 'सेल्फ इम्पावर्ड वीमेन एसोसिएशन' के एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। सामाजिक कार्यकर्ता एवं गांधीवादी नेता इला भट्ट का पिछले साल नवंबर में निधन हो गया था। क्लिंटन और भट्ट एक दूसरे को 1995 से जानते थे। हिलेरी क्लिंटन उन्हें अपना दोस्त मानती हैं।

Updated : 9 Feb 2023 2:09 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top