Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > अन्य > पुलिस सुरक्षा से भागे 25 हजार के इनामी तीसरा कैदी गिरफ्तार

पुलिस सुरक्षा से भागे 25 हजार के इनामी तीसरा कैदी गिरफ्तार

पुलिस सुरक्षा से भागे 25 हजार के इनामी तीसरा कैदी गिरफ्तार
X

झांसी। महानगर में दो माह पहले पुलिस सुरक्षा सेे भागे आरोपी गयाप्रसाद अहिरवार उर्फ गुड्डा को जीआरपी ने सोमवार को स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। उस पर 25 हजार रुपए का इनाम था। पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। आज वह चोरी करने के इरादे से स्टेशन पर आया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गयाप्रसाद अहिरवार पुत्र कल्लू मध्य प्रदेश के सागर जिले के रहली का रहने वाला है। 19 सितंबर को वह दो साथियों के साथ रेलवे कोर्ट के बाहर खड़ी पुलिस वैन से भाग गया था। दो आरोपियों को जीआरपी पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी।

होटल में बन गया था वेटर

जीआरपी डीएसपी नईम खान मंसूरी ने बताया कि पुलिस गिरफ्त से भागने के बाद आरोपी गयाप्रसाद जबलपुर पहुंच गया था। वहां पर एक होटल में वेटर के रूप में काम कर रहा था। इसके बदले उसे प्रतिदिन 200 से 250 रुपए मिलते थे। लेकिन इतने पैसे में उसका खर्चा पूरा नहीं हो रहा था। तब उसने चोरी करने का प्लान बनाया और झांसी आ गया। आज चोरी करने के इरादे से स्टेशन के पास घूम रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ चोरी के दो केस पहले भी दर्ज हैं।

मुठभेड़ में पकड़ा गया था एक आरोपी

19 सितंबर को रेलवे कोर्ट में 11 पुलिसकर्मियों की गारद 7 बंदियों को पेशी के बाद वापस ले जा रही थी। इसी दौरान पुलिस बंदी वाहन का दरवाजा खोलकर शिवपुरी के करेरा के रहने वाले विजेंद्र उर्फ हजरत (27), सागर के रहने वाले ग्याप्रसाद उर्फ गुड्डा (23) और ग्वालियर के रेशममिल के रहने वाले शैलेंद्र उर्फ टोपा (20) फरार हो गए थे। घटना के 6 दिन बाद पुलिस ने शैलेंद्र को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। इसके बाद पुलिस उपमहानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज द्वारा विजेंद्र पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। इसके बाद जीआरपी ने पैर में गोली मारकर विजेंद्र को भी पकड़ लिया था। अब गयाप्रसाद भी पकड़ा गया।

Updated : 20 Nov 2023 8:08 PM GMT
author-thhumb

City Desk

Web Journalist www.swadeshnews.in


Next Story
Top