बहराइच: खेत में गोवंश के अवशेष मिलने से इलाके में तनाव

बहराइच: रिसिया थाना क्षेत्र के एक इलाके में उस समय ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया जब लोगों को पता चला कि केले की खेत के बीच प्रतिबंधित पशु की हत्या की गई है। ईद के 1 दिन पूर्व वारदात के अंजाम से इलाके में तनाव व्याप्त है। ग्रामीणों नें गौकशी की आशंका व्यक्त की है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जिले के रिसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरूवार सुबह भौखारा व नौव्वापटी गांव के बीच स्थित केले के खेत में एक ग्रामीण शौच के लिए गया था। इस दौरान भौखारा निवासी रमेश शर्मा उर्फ पप्पू के केले के खेत में सुबह पांच बजे प्रतिबंधित मवेशी का अवशेष मिला। जिसकी सूचना ग्रामीणों के माध्यम से ग्राम प्रधान को दी।
ग्राम प्रधान सुग्रीव यादव ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सुबह मौके पर जांच के लिए पहुंची पुलिस ने अवशेष को एकत्र कर विवेचना शुरू कर दी है। थाना प्रभारी पी पी पाण्डेय ने बताया कि मामला दर्ज कर घटना में शामिल लोगों की तालाश की जा रही है। पुलिस के शक की सुई जलाल पट्टी गांव के आस-पास घूम रही है। जहां से संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले में खुलासा कर दिया जायेगा।
