Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > अन्य > प्रधानमंत्री ने की योगी सरकार की तारीफ, कहा - यूपी विभिन्न क्षेत्रों में नंबर 1 बना

प्रधानमंत्री ने की योगी सरकार की तारीफ, कहा - यूपी विभिन्न क्षेत्रों में नंबर 1 बना

प्रधानमंत्री ने की योगी सरकार की तारीफ, कहा - यूपी विभिन्न क्षेत्रों में नंबर 1 बना
X

अलीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया। उन्होंने इस अवसर पर राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश में माफियाओं के इशारे पर सब होता था। गरीबों के लिए संचालित केंद्र की योजनाओं में अड़ंगेबाजी की जाती थी। आज उत्तर प्रदेश बदल गया है। माफिया सलाखों के पीछे हैं। विकास परक योजनाएं तेजी से पूर्ण हो रही हैं। पहले उत्तर प्रदेश केंद्र की योजनाओं के प्रदर्शन के मामले में निचले पायदान पर रहता था। आज ज्यादातर योजनाओं में अग्रणी राज्य के रूप में है। यूपी का सांसद होने के नाते आज के उत्तर प्रदेश को देखकर मुझे खुशी हो रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज राधा अष्टमी है। ब्रज के कण-कण में राधा ही राधा हैं। जब कोई शुभ कार्य होता है। तो अपने बड़े याद आते हैं। आज हमें कल्याण सिंह जी की अनुपस्थिति खल रही है। आज वह हमारे साथ होते तो यह जनसैलाब देखकर खुश होते। हमारा इतिहास ऐसे तमाम राष्ट्रभक्तों से भरा है। हमारी आजादी की लड़ाई में ऐसे कितने ही महान सपूतों ने अपना सबकुछ खपा दिया। हमारी पीढ़ियां उनके बारे में जानने से वंचित रह गईं। आज उन गलतियों को भारत सुधार रहा है। राजा सुहेलदेव हों या फिर राज महेंद्र प्रताप सिंह हों। भारत माता के ऐसे सपूतों को नई पीढ़ी से पहचान कराने का कार्य हो रहा है।

विश्वविद्यालय की स्थापना का सौभाग्य -

पीएम के नाते मुझे महान स्वतन्त्रता सेनानी के नाम विश्वविद्यालय की स्थापना का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। राजा महेंद्र सिर्फ भारत की आजादी के लिए ही नहीं लड़े। उन्होंने देश को आगे बढ़ाने के लिए भी काम किया। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के लिए राजा महेंद्र ने ही जमीन दी थी। अन्य संस्थान खोलने में भी उनका योगदान रहा है। उनके नाम पर विश्वविद्यालय सच्ची श्रद्धांजलि है। इस कार्य को करने के लिए योगी और उनकी टीम को बहुत-बहुत बधाई।

यूपी विभिन्न क्षेत्रों में नंबर एक -

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यूपी डिफेंस कॉरिडोर बहुत बड़ा अवसर लेकर आ रहा है। यह तब होता है जब निवेश के लिए माहौल मिलता है। योगी और उनकी टीम ने सबका साथ सबका विश्वास और सबका साथ के आधार पर काम किया है। अब इसे सबके प्रयास से और आगे बढ़ाना है। जेवर एयरपोर्ट, मेट्रो, आधुनिक हाई वे जैसे अनेक काम पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हो रहे हैं। आने वाले समय मे यह प्रोजेक्ट विकास का बहुत बड़ा आधार बनेंगे। जिस यूपी को पहले देश के विकास की गति को धीमा करने के लिए जाना जाता था। आज यूपी विभिन्न क्षेत्र में नंबर एक हो गया है। 2017 कि पहले गरीबों की हर योजना को लागू करने के लिए रोड़े लगाए जाते थे। आज योगी की सरकार में उत्तर प्रदेश तेजी से बढ़ रहा है। लोग भूल नहीं सकते जब यूपी को भ्रष्टाचार के हवाले छोड़ दिया गया था। एक वक्त था जब गुंडों माफियाओं की हनक चलती थी। उनके इशारे पर पूरा तंत्र चलता था। आज माफिया सलाखों के पीछे हैं। पांच साल पहले पश्चिम यूपी में बहन-बेटियों को घर से बाहर जाने में डर लगता था। जबतक बेटियां वापस न आ जाएं परिजन डरे सहमे रहते थे। लोगों को अपना घर छोड़ने पर भी मजबूर होना पड़ता था। आज यूपी में कोई अपराधी ऐसा करने पहले 100 बार सोचता है। योगी की सरकार में गरीबों की सुनवाई और सम्मान भी है।

सबसे अधिक टीका लगाने का रिकार्ड -

उत्तर प्रदेश में आठ करोड़ से अधिक वैक्सीन लगाया जा चुका है। देश में एक दिन में सबसे अधिक टीका लगाने का रिकार्ड भी यूपी के ही नाम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जो दुनिया के बड़े-बड़े देश नहीं कर पाए। वह आज हमारा देश कर रहा है। उत्तर प्रदेश कर रहा है।

एमएसपी पर खरीद के नए रिकार्ड

पीएम मोदी ने चौधरी चरण सिंह को भी याद किया। आगे उन्होंने कहा कि किसानों के लिए भी इस सरकार में बहुत काम हुआ है। यूपी में एमएसपी पर खरीद के नए रिकार्ड बने हैं। गन्ना किसानों का एक लाख 40 हजार करोड़ का भुगतान बीते चार साल में किया गया। आने वाले साल नए रास्ता खुलने वाले हैं। अलीगढ़ समेत पूरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़े, इसके लिए योगी सरकार और केंद्र सरकार कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहे हैं। राजा महेंद्र प्रताप की तरह राष्ट्र नायकों की प्रेरणा से हम अपने लक्ष्यों में सफल हों, यही कामना है। प्रधानमंत्री मोदी ने भाषण के अंत में राजा महेंद्र प्रताप सिंह अमर रहें के नारे भी लगवाए।

Updated : 12 Oct 2021 10:32 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top