Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > अन्य > देश परिवारवादियों के हाथों में मजबूत नहीं रह सकता : प्रधानमंत्री

देश परिवारवादियों के हाथों में मजबूत नहीं रह सकता : प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री ने बस्ती में की जनसभा

देश परिवारवादियों के हाथों में मजबूत नहीं रह सकता : प्रधानमंत्री
X

बस्ती। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को दुनिया में हो रहे भू-राजनीतिक बदलाव के प्रति जनता को सजग करते हुये कहा कि वर्तमान समय में देश को मजबूत किये जाने की जरूरत है। देश को मजबूत करने की जरूरत स्वार्थी राजनीतिक दल कभी पूरी नहीं कर सकते। उनका दिल तो देश में बम धमाके करने वाले आतंकियों के लिये धड़कता है।

विपक्षी पार्टियों पर तीखा प्रहार करते हुये प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि स्वार्थी राजनीतिक दल का मकसद केवल अपने परिवार की भलाई करना है। देश की मजबूती राज्यों और खासकर उत्तर प्रदेश की मजबूती पर निर्भर करती है। इन विषयों पर उन्होंने जनता से भारतीय जनता पार्टी को वोट देकर जिताने की अपील की।यहां प्रधानमंत्री ने अपना चुनावी भाषण अपेक्षागत संक्षिप्त रखा। पिछले कुछ दिनों से उनकी आवाज में भारीपन है।

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर प्रत्यक्ष हमला करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों की नीतियां देश को दूसरे देशों पर निर्भर बनाये रखने पर थी। यह राजनीतिक दल अपना सारा ध्यान कमीशन पर बनाये रखते थे। इन लोगों के लिए राष्ट्रभक्ति और परिवार भक्ति में कोई फर्क नहीं है।प्रधानमंत्री बस्ती में एक जनसभा को संबोधित करते हुये अपनी बात रख रहे थे। इस दौरान प्रधानमंत्री ने वैश्विक परिस्थितियों में हुए राजनीतिक बदलाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज जाति-पांति से ऊपर उठकर राष्ट्र को मजबूत करना बेहद जरूरी है। आज का दौर हर भारतवासी को एक संदेश दे रहा है कि भारत को ज्यादा से ज्यादा ताकतवर और आत्मनिर्भर बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि आज देश की सेनाओं को आधुनिक बनाना और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनना बेहद जरूरी है। यह काम स्वार्थी तत्व नहीं कर सकते, जो केवल अपने परिवार की सोचते हैं। उन्होंने कहा कि जिनका इतिहास रक्षा सौदों में कमीशन खाने का रहा है, वे देश को मजबूत नहीं कर सकते। इन लोगों ने देश की सेनाओं की जरूरतों को नजरअंदाज किया। इनका दिल देश में बम धमाके करने वाले आतंकियों के लिए धड़कता है। यह लोग देश को सशक्त नहीं कर सकते।जनसभा में प्रधानमंत्री ने यूक्रेन में फंसे भारतीयों को देश सुरक्षित लाने को लेकर प्रतिबद्धता जाहिर की। उन्होंने कहा कि भारत सरकार यूक्रेन में फंसे भारतीयों को स्वदेश लाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। ऑपरेशन गंगा चलाकर देश यूक्रेन में फंसे हजारों भारतीयों को वापस ला रहा है। देश के बेटे बेटियों को पूरी सुरक्षा के साथ घर पहुंचाने के लिए सरकार दिन रात काम कर रही है।आगे उन्होंने कहा कि भारत देश के एक-एक नागरिक की जीवन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। दुनिया में कहीं भी संकट आया है तो भारत ने अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी।

प्रधानमंत्री ने 'सबका साथ-सबका विकास' और 'जाति धर्म से ऊपर उठकर, बढ़ाया है सम्मान, सबसे पहले गरीब कल्याण' का मंत्र दोहराया। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार इन्हीं मंत्रों पर काम कर रही है। वे मानते हैं कि देश का हर नागरिक उनका परिवार है। वह बिना किसी भेदभाव और पक्षपात के गरीबों के कल्याण और विकास के कार्य में जुटे हुए हैं।अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आजाद के बलिदान दिवस और बालाकोट एयर स्ट्राइक के तीन साल पूरे होने पर वायु सेना के पराक्रम को याद किया। पांचवें चरण के लिए जारी मतदान के बीच उन्होंने कहा कि उप्र को दंगा मुक्त, गुंडा मुक्त और विकास की ओर ले जाने के लिए जनता भाजपा को भरपूर आशीर्वाद दे रही है।

Updated : 27 Feb 2022 9:59 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top