भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने साधा निशाना, सपा-बसपा और कांग्रेस 'पार्टी' नहीं, चला रहीं ट्रस्ट

आजमगढ़। जनपद के परशुरामपुर में गुरुवार को आयोजित भाजपा की जनसभा को सम्बोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने केन्द्र और प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं को गिनाया। उन्होंने कहा कि सपा का गढ़ कहे जाने वाले आजमगढ़ को भेदने के लिए ही वे जनता का आशीर्वाद लेने यहां आये है। कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस ये सभी दल 'पार्टी' नहीं बल्कि 'ट्रस्ट' चला रहे है।
जनसभा को सम्बोधित करने से पहले प्रदेश अध्यक्ष ने सीडीएस विपिन रावत को नमन किया। कहा कि इस देश के अंदर 70 सालों से देश का अपमान होता रहा है। दुनिया के अंदर भारत माता की जय और वंदेमातरम बोलने में शर्म महसूस करते थे लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमेरिका से लेकर चाइना, विक्टोरिया महल में भी प्रवेश करते है तो 70 सालों बाद वंदेमारतम और भारत की जय-जयकार पूरी दुनिया होती है। यह हिन्दुस्तान का सम्मान है।
उन्होने कहा कि इस देश के अंदर सपा, बसपा और कांग्रेस ट्रस्ट चलाती हैं, पार्टी नही। उन्होंने कहा कि ये सभी दल शंकराचार्य, भगवा का अपमान करते है। बिना नाम लिये सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि वे जब से मुख्यमंत्री पद से हटे हैं तब से मुख्यमंत्री का सपना छोड़ नहीं पा रहे। उनको लग रहा है कि वे मुख्यमंत्री बन रहे हैं। लेकिन उनके दिन लद गये हैं। फिरोजाबाद, कासगंज, एटा, इटावा और औरैया खत्म हो चुके हैं। अब आजमगढ़ के उनके किले को जनता के आशीर्वाद से फतह कर सके, इसका आशीर्वाद लेने के लिए आजमगढ़ की जनता के पास आते रहते हैं। अगर जनता ने भाजपा को आशीर्वाद दिया तो आजमगढ़ के किले को भी ध्वस्त करेंगे।
