Home > राज्य > अन्य > असम में भाजपा ने 80 में से 74 नगरपालिका जीती, कांग्रेस को 1 से करना पड़ी संतुष्टि

असम में भाजपा ने 80 में से 74 नगरपालिका जीती, कांग्रेस को 1 से करना पड़ी संतुष्टि

असम में भाजपा ने 80 में से 74 नगरपालिका जीती, कांग्रेस को 1 से करना पड़ी संतुष्टि
X

गुवाहाटी। असम की सत्ताधारी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को नगरपालिका चुनाव के आए नतीजों में समूचे विपक्ष का सफाया करते हुए एकतरफा जीत हासिल की है।भाजपा की शानदार जीत पर मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने ट्वीट करते हुए कहा कि मैं नगरपालिका चुनाव में भाजपा और सहयोगी पार्टी के उम्मीदवारों को अपना बहुमूल्य वोट देकर जीत दिलाने के लिए असम के लोगों का हृदय से आभार और धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा है कि इस जीत ने एक बार फिर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त दृष्टिकोण से हमारी पार्टी और गठबंधन में जनता के विश्वास को दर्शाया है, जो हमेशा से लोगों के कल्याण के लिए समर्पित रहा है।

राज्य के स्वायत्तशासी जिलों को छोड़कर 24 जिलों की 80 नगरपालिकाओं के लिए गत 06 मार्च को चुनाव कराये गये थे। इस बार के चुनाव में कुल 2532 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। इनमें भाजपा ने सबसे अधिक 825 उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा था। इसके बाद कांग्रेस ने 706 और असम गण परिषद (अगप) ने 243 उम्मीदवारों को टिकट दिया था।असम में हुए नगरपालिका चुनावों में भाजपा ने अभूतपूर्व और ऐतिहासिक जीत हासिल की है। चुनाव में कांग्रेस पार्टी का पूरी तरह से सफाया हो गया है। भाजपा ने 80 में से 74 नगरपालिका बोर्ड जीत लिया है जबकि सहयोगी पार्टी अगप ने दो नगरपालिकाओं पर जीत के साथ कब्जा किया है।

राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस सिर्फ एक नगरपालिका बोर्ड जीतने में सफल रही जबकि, दो नगरपालिकाओं पर निर्दलियों ने जीत हासिल किया है। एक नगरपालिका में भाजपा जीत के बेहद करीब है। इस बीच अल्पसंख्यकों की रहनुमाई करने वाली एआईयूडीएफ को एक भी नगरपालिका में जीत नहीं मिली है। इसी तरह कांग्रेस के साथ सहयोगी के रूप में चुनाव लड़ने वाली राइजर दल और असम जातीय परिषद को भी चुनाव में मुंह की खानी पड़ी है। वामपंथियों को एक वार्ड में भी जीत नसीब नहीं हुई है।

मतगणना बुधवार सुबह आठ बजे शुरू हुई। असम नगरपालिका के चुनाव में पहली बार इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) का इस्तेमाल किया गया। इसकी वजह से नतीजे बेहद तेजी से सामने आए हैं। असम में रविवार को 80 नगरपालिकाओं के लिए मतदान हुआ था।

उल्लेखनीय है कि उत्तर गुवाहाटी, सतिया और लमडिंग नगरपालिकाओं में भाजपा निर्विरोध चुनाव जीत चुकी थी। भाजपा 60 वार्डों में निर्विरोध जीत हासिल कर लिया था। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के विधानसभा क्षेत्र वाली 10 वार्डों वाली उत्तर गुवाहाटी नगरपालिका में भाजपा पहले ही 07 सीटों पर निर्विरोध जीत चुकी थी। शेष तीन सीटों के लिए चुनाव कराये गये थे, जिसमें तीनों पर भाजपा ने जीत हासिल की है।

Updated : 15 March 2022 10:15 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top