जनपद भर में रही होलिका दहन की धूम

जनपद भर में रही होलिका दहन की धूम
X

रात नौ बजे बाद भद्रा हटते ही शुरू हुआ पूजन

मथुरा। प्रेम व भाईचारे के प्रतीक होली के पर्व पर बुधवार को होलिका दहन हर्षोल्लास पूर्ण वातावरण में किया गया। ध्वनि विस्तारक यंत्रों, नृत्य व गायन से चहुंओर उन्माद छा गया। इससे पूर्व होलिका पूजन और बाजारों में उमड़ी भीड़ से माहौल गहमा गहमी पूर्ण रहा।

प्रात: से ही गली-गली, मौहल्लों-मौहल्लों और बाजारों में होलिका की प्रतिमा स्थापित करने, लकड़ी, कंडे रखने की धूम मच गयी। उत्साही युवकों व विभिन्न संगठनों के लोगों की व्यस्तता देखते ही बनती थी। बाजारों में प्रमुख चौराहों, स्थानों पर होलिकोत्सव के आयोजनों के अंतर्गत भव्य सजावट की गई थी और भक्त प्रहलाद को गोद में लिए होलिकाओं की प्रतिमाओं को सुसज्जित तरीके से स्थापित किया गया था।

प्रतिमाओं की स्थापना होते ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर रसिया व होली गीतो की धूम शुरु हो गयी। गली मौहल्लो में जहां बच्चों का शोर शराबा रहा, वहीं बाजारों में आकर्षक ढंग से स्थापित की गई होलिका की प्रतिमाओं के दर्शन के लिए हुज्जूम लगा रहा। उधर त्यौहार की पूजन सामग्री, रंग, गुलाल, पिचकारी तथा अन्य वस्तुओं की खरीददारी के लिए बाजारों में भारी भीड़ रही। खोआ की आढ़तों पर खरीददारी का जोर रहा। फूल, चना, गेहूँ की वालों की दुकानों पर मारामारी रही।

नमकीन व खाद्य विक्रेताओं के यहां जमकर खरीददारी की गई। दिन में मुहुर्त के अनुसार होलिका पूजन प्रारम्भ हुआ। पूजन सामग्री लिए महिला, पुरूषों का विभिन्न होलिका स्थलो पर जाना शुरू हो गया। बड़े श्रद्धाभाव के साथ होलिका का पूजन किया गया। घर-घर विभिन्न प्रकार के पकवान बनाने, गूंजा, पापड़ तैयार करने में महिलाएं व्यस्त रही।

रात्रि में मुहुर्त के अनुसार विधिविधान पूर्वक होलिकाओं के दहन किये गये। इसके बाद वहां से अग्नि लेकर लोग घर वापस हुए और घर-घर में रखी गूलरी की होलिका के दहन सभी परिवारीजनों द्वारा एक साथ किये गये। चना, गेहूँ की बालों को अग्नि में भूजकर आपस में बांटा गया और होली मिलकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दी गई। गुरुवार को धुल्हेड़ी के मौके पर रंगों की होली मनायी जायेगी।

होलीगेट होलिकोत्सव संघ के संस्थापक महामंत्री मदन मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि इस बार होली गेट पर होलिका दहन हर बार की तरह परंपरा के अनुसार किया गया। इस अवसर पर सांसद हेमामालिनी, गुरू शरणानंद, जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्रा, एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज के अलावा शहर के गणमान्य नागरिकों के साथ होली गेट होलीकोत्सव संघ के पदाधिकारीगण आदि मौजूद रहे।

Next Story