सेना के जवानों के खून पर राजनीति करते है राहुल गांधी : पूनम महाजन

मथुरा। भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम महाजन ने कहा कि लोकसभा चुनाव में एक बार फिर से भाजपा परचम लहराएगी। नरेंद्र मोदी फिर प्रधानमंत्री बनेंगे। विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग अपनी दुकान चलाने के लिए देश की सुरक्षा के मामले में भी राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जैसे नेता जो जवानों के खून पर राजनीति करते हैं, वो कभी देशभक्ति नहीं हो सकते।
शनिवार को पूनम महाजन ने मथुरा के रामलीला मैदान से भाजपा की विजय संकल्प बाइक रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उनमें जोश भरा, तो वहीं विपक्ष पर जमकर बरसीं। पूनम महाजन ने कहा कि यह पहली दफा है जब विश्व में भारत की ताकत बढ़ी। भारतीय वीर अभिनंदन को 48 घंटे में पाकिस्तान ने छोड़ दिया। एयर स्ट्राइक पर सवाल उठाने वाली जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती पर पूनम महाजन ने कहा कि सरकार के निर्णय का सम्मान करना चाहिए। जो लोग सवाल उठा रहे हैं वो सेना के पराक्रम पर सवाल उठा रहे हैं। शहादत पर राजनीति कर रहे हैं। कार्यक्रम के बाद भाजयुमो अध्यक्ष पूनम महाजन ने वृंदावन जाकर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन कर आगामी चुनावों में जीत की कामना की। उन्होंने देश के शहीदों की आत्मा की शांति के लिए बांकेबिहारी के श्रीचरणों में प्रार्थना की। सेवायत आकाश गोस्वामी ने उन्हें पूजा-अर्चना कराई। पूनम महाजन ने कहा कि देश में इस समय चल रहा घटनाक्रम जल्द से जल्द ठीक होना चाहिए।
