राया में जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष, एक की मौत
आधा दर्जन घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, चार हत्यारोपी पकड़े
मथुरा। राया कस्बा क्षेत्र के अंतर्गत बलदेव रोड गांव नगला पीता में पुरानी रंजिश के चलते एक ही परिवार के दो पक्षों में रविवार की रात्रि जमकर लाठी डंडे चले। झगड़े के दौरान छत से चली एक गोली से एक व्यक्ति की मौत हो गयी और आधा दर्जन लोग घायल हो गये। सूचना पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गयी और शव को पोस्टमार्टम को भेजा। इस मामले में 9 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने दो महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। शेष लोगों को पकडऩे को दबिश दी जा रही हैं।
थाना राया के अंतर्गत गांव नगला पीता निवासी बलवीर सिंह और मंगल सिंह एक ही परिवार के है। इन दोनों में काफी समय से जमीनी विवाद को लेकर रंजिश चली आ रही है। बताया गया कुछ दिन पूर्व ही मीठे पानी की पाइप लाइन को लेकर रात्रि साढ़े बारह बजे दोनों पक्षो में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के मध्य जमकर लाठी डंडे चलने लगे।
इसी दौरान किसी ने छत पर खड़े होकर गोली भी चला दी जो रविन्द्र पुत्र चन्द्रपाल उम्र 50 के जा लगी जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गयी। इसके अलावा प्रवेश कुमारी पुत्री मंगल सिंह, साधना पुत्री मंगल सिंह, सौरभ पुत्र रविन्द्र घायल हो गए। झगड़े की सूचना पर थाना प्रभारी हरवेन्द्र मिश्रा मय फोर्स के घटना स्थल पर पहुंच गए और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया और शव को पोस्टमार्टम को भेजा। सोमवार की सुबह अपर पुलिस अधीक्षक देहात आदित्य प्रकाश शुक्ला ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। मृतक के भतीजे बलवीर सिंह ने अनिल, विक्रम सिंह, सुनील, धर्म सिंह, पुत्रगण मंगल सिंह, जीवन, मंगल सिंह पुत्रगण जहारिया, प्रवेश कुमारी, साधना, गोमवती पुत्रीगण मंगल सिंह के खिलाफ हत्या का मुकद्दमा थाना राया में दर्ज कराया है। पुलिस ने कार्यवाही करते हुए मंगल सिंह, विक्रम सिंह, कुमारी प्रवेश, साधना को राया के एक्सप्रेस-वे कट के पास से पकड़ लिया।
बताया गया है कि करीब 30 साल पूर्व हुए जमीनी विवाद के चलते एक महिला की हत्या हो गई थी। जमीन का विवाद का मामला तहसील न्यायालय में चल रहा है।


