कोहरे के आगोश में ठिठुरी ब्रजभूमि, जनजीवन हुआ प्रभावित

हाईवे और यमुना एक्सप्रेस वे पर वाहन रेंगते हुए चले
मथुरा। रविवार यूं तो अवकाश का दिन होने के कारण अपनी चाल कम ही रखता है लेकिन कोहरे के पहरे के कारण ये चाल थमी रही। गलन और सर्द हवाओं ने आज सुबह लोगों को देर तक रजाई में से निकलने नहीं दिया। वहीं जो लोग जिंदगी की दौड़भाग की व्यस्तता में थे उनकी रफ्तार कोहरे के कारण कम हो गई।
मौसम के बदले मिजाज के कारण सुबह देर तक बाजारों में लोग दिखाई ही नहीं दे रहे थे। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण ये हालात बने हैं। फिलहाल मौसम में राहत की उम्मीद नहीं है।
रेलगाडियां भी कोहरे के कारण देरी से चल रहीं हैं। मथुरा जंक्शन पर सभी रूट की ट्रेने देर से चलने से यात्रियों की भीड़ अधिक दिखाई दी। वहीं भूतेश्वर स्थित रोडवेज के नया बस अड्डे पर यात्रियों के इंतजार में बसें कतारों में खड़ी नजर आई। यहां बसों को भरने में काफी टाइम लग रहा था।
मौसम का असर बाजार पर दिखा, दुकानों पर सन्नाटे रहे। गांवों में ग्रामीण और किसान बदलते मौसम को लेकर अलाव पर चर्चा करते दिखे। सुबह से ही सर्द हवाओं के साथ बढ़ी गलन से बचने के लिए लोग तरह-तरह के जतन करते नजर आए। शाम ढलते ही तेज गलन के चलते अधिकांश लोग घरों में कैद हो गए।
फिर बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक बादल छाए रह सकते हैं। दोपहर में बादलों की लुकाछिपी बनी रहेगी। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के बाद 6 से 8 फरवरी के बीच फिर से बारिश होने के आसार बन रहे हैं।
